मनीमाजरा। चंडीगढ़ की जमीन पर पंचकूला का कब्जा दिखाने के लिए हुडा ने तीन करोड़ रुपए खर्च करके चार दीवारी कर दी। इसका खुलासा तब हुआ जब जमीन की दोनों एरिया के अधिकारियों ने निशानदेही की। अब हुडा के अधिकारियों को इसका कोई जवाब नहीं सूझ रहा है।
पंचकूला सेक्टर-7 व शिवालिक एन्कलेव एरिया के बीच कई एकड़ जमीन लंबे समय से खाली पड़ी हुई थी। इसी रास्ते के बीच बरसाती नाला निकलता है।
बरसाती नाले के पंचकूला एरिया की तरफ हुडा द्वारा नाले को एक तरफ पक्का करवाने के लिए चार दीवारी कर दी गई। हुडा के अधिकारियों ने इस जगह के बारे में जानकारी जुटाने की जहमत तक नहीं उठाई कि यह जगह किस के एरिया में आती है।
चंडीगढ़ नगर निगम का ट्यूबवेल भी यहां
हुडा (हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने नाले पर चारदीवारी करने के लिए जगह के बारे में जानकारी लेने की जहमत तक नहीं उठाई। जबकि इस नाले के बिल्कुल साथ ही पंचकूला की ओर नगर निगम चंडीगढ़ का ट्यूबवेल भी लगा हुआ है। इसी के साथ कई एकड़ जमीन भी खाली पड़ी है।
हुडा के अधिकारियों ने इस जमीन पर हरियाणा का कब्जा दिखाने के लिए सभी नियमों को ताक पर रखकर नाले के पंचकूला की ओर एरिया की चार दीवारी करवा दी। चंडीगढ़ के अधिकारियों ने भी इसमें लापरवाही बरती है। उन्होंने दोनों जमीनों के बीच पड़ते नाले में चंडीगढ़ की ओर नाले की चार दीवारी करवा दी, जबकि पंचकूला के साथ लगती साइड की चार दीवारी हरियाणा के जिम्मे छोड़ दी।
निशानदेही में हुआ खुलासा
इस बात का खुलासा तब हुआ जब खाली पड़ी जमीन की निशानदेही करवाने के लिए शिवालिक एन्कलेव वेलफेयर एसोसिएशन मनीमाजरा के अध्यक्ष अशोक महाजन ने अधिकारियों को पत्र लिखे। दरअसल यहां हरियाणा के एजुकेशन विभाग द्वारा अवैध तौर पर दीवार बनाई जा रही थी। इसी को लेकर एसोसिएशन के सदस्यों ने एसडीओ रोडस नगर निगम को 13 फरवरी 2013 को पत्र लिखा। बाद में जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा। इसके बाद हरियाणा व चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने जमीन की निशानदेही की। पूरा एरिया ही चंडीगढ़ का निकला। अब चंडीगढ़ प्रशासन व हरियाणा के अधिकारियों द्वारा इस जगह की निशानदेही करके बुर्जियां लगा दी गई हैं। नाले के जिस ओर निशानदेही करवाई गई थी वह जगह भी चंडीगढ़ की ही निकली।
करवाएंगे जांच: इस्टेट ऑफिसर
हुडा के इस्टेट ऑफिसर महावीर कौशिक का कहना है कि यह चार दीवारी हुडा के इंजीनियरिंग विंग द्वारा ही करवाई गई है। इसकी जांच की जाएगी कि चंडीगढ़ एरिया पर हुडा ने चारदीवारी कैसे करवा दी।