चंडीगढ़। वैलेंटाइन वीक का पहला दिन। रस्म है एक गुलाब का फूल तोहफे में देना। लेकिन प्यार करने वाले जो न कर जाएं वो कम। सेक्टर 28 के बिजनेसमैन हरीश गोयल ने अपनी पत्नी को प्यार भरे इस वीक की शुरुआत पर कार वीआईपी नंबर गिफ्ट किया। दरअसल यह उस तोहफे डेढ़ करोड़ रुपए की पोर्शे कार का रिटर्न गिफ्ट है जो 18 जनवरी को पत्नी कामिनी गोयल ने अपने पति की 50वीं सालगिरह पर सरप्राइज गिफ्ट के रूप में दिया था। हरीश गोयल रियल इस्टेट, शेयर मार्केट का कारोबार करते हैं। वे कॉन्ट्रेक्टर भी हैं। उन्होंने शहर की कई बड़ी इमारतें बनाई हैं। उनकी पत्नी कामिनी उनका बेक ऑफिस संभालती हैं।
हरीश बताते हैं कि 18 जनवरी को उनका जन्मदिन था। 50वीं सालगिरह के मौके पर जब वे घर पहुंचे तो उनकी पत्नी कामिनी ने उन्हें एक लग्जरी कार की चाभी बतौर गिफ्ट दी। बाहर देखा तो पाेर्शे खड़ी थी। हरीश बताते हैं कि एक बार तो उन्हें झटका लगा कि बर्थ डे पर इतना बड़ा गिफ्ट। सबसे बड़ी बात यह रही कि पत्नी ने इस गिफ्ट को लेकर उनसे कोई चर्चा भी नहीं की थी। लेकिन पोर्शे का एग्जॉटिक क्लास की काइन का टॉप मॉडल उन्हें बेहद पसंद आया।
उनकी पत्नी कामिनी गोयल कहती हैं कि उनके पति के जन्म की 50वीं सालगिरह को अनोखे ढंग से मनाना चाहती थीं। घर में लग्जरी सेग्मेंट में मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू और फॉरच्यूनर पहले ही थी। इसलिए इस बार उन्हें पोर्शे गिफ्ट करने का मन बनाया। पोर्शे जर्मन कार है। कंप्लीट बिल्ट यूनिट (सीबीयू) है। वहीं से बनकर आती है। इसलिए करीब चार महीने पहले इसकी बुकिंग कराई थी। 18 जनवरी को पति को गिफ्ट कर दिया। हरीश गोयल कहते हैं कि उनकी पत्नी ने जिस शिद्दत के साथ उन्हें एक नायाब तोहफा दिया था। उन्होंने भी वेलेंटाइन डे के मौके पर पत्नी को रिटर्न गिफ्ट के रूप में स्पेशल नंबर देने की ठान ली। उन्होंने इस गाड़ी का 8.75 लाख रुपए में सीएच01बीबी-0001 स्पेशल नंबर खरीदा । इस नंबर के लिए 8 लोगों ने आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि इस स्पेशल तोहफे पर स्पेशल नंबर के साथ वेलेंटाइन डे पर लॉन्ग ड्राइव पर जाएंगे। कामिनी पति के इस तोहफे से बेहद खुश हैं।
सीएच01बीबी-0099 बिका 85 हजार का: आरएलए में स्पेशल नंबरों की ऑक्शन के दौरान 100 नंबर बिके। इनमें सीएच01बीबी0099 नंबर 85 हजार रुपए में सेक्टर 49 के निर्मल कुमार ने लिया। जबकि 0100 सीरीज का नंबर बुड़ैल के तेजिंदर सिंह ने 16000 रुपए में खरीदा। वहीं 0002 सीरीज का नंबर मलोया के अवतार सिंह ने साढ़े तीन लाख रुपए में खरीदा। 0003 सीरीज का नंबर सेक्टर 33 के गुरपिंदर पाल सिंह ने पांच लाख 10 हजार रुपए में खरीदा। 0004 सीरीज का नंबर मैं. तलवार ज्वेलर्स ने दो लाख 30 हजार रुपए में खरीदा।