चंडीगढ़. एक आईएएस अफसर की बीवी को न जाने ऐसा क्या लगा कि बुधवार सुबह ऑफिस शुरू होते ही वह अपने पति के दफ्तर पहुंच गईं और कमरे में घुसते ही अफसर की पीए को थप्पड़ जड़ दिए। अब थप्पड़ जड़ने वाली अफसर की बीवी थी, तो पीए की क्या मजाल जो विरोध करती। बस वह चिल्लाती रही और उसकी पिटाई देखने के लिए ऑफिस के कई कर्मचारी इकट्ठे हो गए। मारपीट के बाद भी अफसर की बीवी वापस नहीं गई, उल्टा पीए ही अपना दफ्तर छोड़कर चली गई। कुछ देर तक पीए को वापस आता न देख, अफसर की बीवी भी चली गई। उनके शौहर तो पहले से ही शहर से बाहर गए हुए हैं। हालांकि इस ऑफिस का कोई भी कर्मचारी इस घटना के बारे में कुछ बोलने को तैयार नहीं। इससे पहले भी एक-दो बार ऑफिसर की बीवी यहां आई चुकी है, लेकिन तब शायद पीए का वक्त अच्छा था कि वह अपनी कुर्सी पर नहीं मिली। हालांकि पीए मैडम इसे मात्र अफवाह बता रही हैं। इस मामले में किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है, लेकिन ब्यूरोक्रेसी में दिन भर इस पर चर्चा होती रही। सीनियर अफसर इस मामले की रिपोर्ट दिल्ली भेजने जा रहे हैं।
पीटने के बाद इंतजार
करीब 10.20 मिनट में आईएएस की बीवी ऑफिस पहुंची। यहां पर वो सीधा पीए के पास गई। दोनों में बहस हुई। इसके बाद अफसर की बीवी ने पीए को पीटा। करीब 10.45 बजे पीए ऑफिस से बाहर निकल गई। आईएएस की बीवी यहीं पर 10-15 मिनट इंतजार करती रही और 11 बजे के करीब यहां से निकली।