पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दबाव के चलते पुलिस चीमा को नहीं कर रही गिरफ्तार: क्रिस्पी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. कॉलोनाइजर दविंदर सिंह गिल की पत्नी क्रिस्पी और सुमेध गुलाटी की पत्नी मनिंदर कौर ने कहा है कि मोहाली पुलिस ने आईजी गौतम चीमा, सस्पेंडेड डिफेंस इस्टेट ऑफिसर अजय चौधरी और उनकी महिला जानकार रश्मि नेगी के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज तो कर लिया, लेकिन अभी तक उनमें से किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई। इसके अलावा थाने से किडनैपिंग के केस में भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
क्रिस्पी ने कहा कि मोहाली पुलिस को सब पता है कि आरोपी कहां है। आईजी चीमा मोहाली के एसएसपी और अन्य पुलिस अफसरों के संपर्क में है। लेकिन किसी दबाव के चलते पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। दूसरी ओर, पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के आदेश पर पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें दी गई सिक्योरिटी भी बिना सूचना के वापस ले ली गई है। जबकि वे पहले ही बता चुकी हैं कि उनकी जान को खतरा है। अब अगर ऐसा कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार पंजाब पुलिस और गौतम चीमा होंगे। क्रिस्पी ने कहा कि अगर आरोपियों को जल्द न पकड़ा गया तो वे परिवार समेत संघर्ष करेंगे।

विजिलेंस रिपोर्ट सिर्फ खानापूर्ति, सीबीआई से कराई जाए जांच
क्रिस्पी ने विजिलेंस की ओर से दविंदर की किडनैपिंग के मामले में बनाई गई फैक्ट एंड फाइंडिंग रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह रिपोर्ट उनकी शिकायत के अनुसार नहीं बनाई गई है। उनकी शिकायत पैसे के लेन-देन को लेकर नहीं, बल्कि किडनैपिंग को लेकर थी। इसे लेकर रिपोर्ट में सिर्फ खानापूर्ति की गई है। हालांकि वे विजिलेंस चीफ सुरेश अरोड़ा के कामकाज पर कोई सवाल नहीं उठा रहे हैं, लेकिन इस रिपोर्ट को देखकर लगता है कि यह किसी दबाव में बनाई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि किडनैपिंग के मामले में अन्य स्टेटस का भी जिक्र है। दविंदर को 26 से 28 फरवरी तक किडनैप करके रखा गया। उन्हें पहले दिन पंचकूला सेक्टर-8 की कोठी नंबर 205 में रखा गया, जो गौतम चीमा की मां के नाम पर है।

दूसरे दिन उन्हें बरवाला में गौतम चीमा के फार्म हाउस में रखा गया, जबकि तीसरे दिन अंबाला में अजय चौधरी के घर में रखा गया। उनकी मोबाइल लोकेशन भी वहीं की मिलती है। विजिलेंस की रिपोर्ट में इस बारे में हरियाणा पुलिस से भी जांच कराने के लिए कहा गया है। अब अगर हरियाणा पुलिस से जांच कराई जाती है तो चार-पांच महीने उसमें लग जाएंगे, जबकि जांच में पांच महीने पंजाब विजिलेंस वैसे ही लगा चुकी है। इससे तो अच्छा है कि इस मामले की जांच सीबीआई को ही सौंप दी जाए।
कहा-दविंदर पर रेप का झूठा केस दर्ज कराया
क्रिस्पी ने बताया कि आरोपियों में शामिल रश्मि नेगी ने उनके पति दविंदर सिंह गिल पर रेप और धोखाधड़ी का झूठा केस दर्ज करवाया है। पंचकूला पुलिस ने भी रश्मि की शिकायत पर बिना किसी जांच और मेडिकल के केस दर्ज कर लिया। यह केस बिल्कुल झूठा है। दविंदर पर आरोप लगाने वाली रश्मि नेगी पर खुद पर पहले कई केस दर्ज हो चुके हैं। 2007 में रश्मि नेगी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के केस में आरोपी रही। इस दौरान वह तीन महीने तक तिहाड़ जेल में ज्यूडिशियल कस्टडी में रही। उसके खिलाफ मनमीत सिंह ने धारा 323, 452 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज करवाई। उसके बाद 14 फरवरी 2014 को उसके खिलाफ धारा 406 और 420 के तहत एक और केस दर्ज किया गया। इस केस में भी रश्मि 15-20 दिन के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में रोपड़ जेल में रही। रश्मि के खिलाफ ह्यूमन ट्रैफिकिंग और ब्लैकमेलिंग की कई शिकायतें पुलिस के पास पेंडिंग हैं।
दविंदर-सुमेध पर पहले भी कई केस
क्रिस्पी ने बताया कि उनके पति दविंदर गिल रश्मि से 2011 में मिले थे। पहले उसने दविंदर के पार्टनर सुमेध गुलाटी के खिलाफ भी छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया, जिसे बाद में चंडीगढ़ के एसएसपी ने झूठा पाकर खारिज कर दिया था। यह शिकायत सेक्टर 19 में भी री-इन्वेस्टिगेशन के लिए गई, लेकिन वहां से भी इसे गलत बताया गया। इसके बाद रश्मि ने उनके पति दविंदर के खिलाफ कई शिकायतें पुलिस को दीं। यहां तक कि उसने 22 अगस्त 2013 को दविंदर पर कार स्नैचिंग और पैसे छीनने की एफआईआर भी दर्ज कराई। जांच के दौरान रश्मि के कार ड्राइवर ने ही 164 के बयान देकर रश्मि को झूठा बताया, जिस पर एफआईआर खारिज कर दी गई। इसके बाद उसने मोहाली के एसएसपी को दविंदर के खिलाफ 4 अप्रैल 2014 को घमकाने और पैसे न लौटाने की शिकायत दी, जिसकी जांच चल रही है।
जिसकी जो राशि बनती है, देने को तैयार
क्रिस्पी ने कहा कि राकेश अग्रवाल के ससुर यशपाल गुप्ता ने दविंदर, सुमेध और उनके साथियों पर जो धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है, उसमें दो करोड़ की मांग की गई है, जो बिल्कुल गलत है। वे इस बात से इनकार नहीं करते कि उन्हें गुप्ता को पैसे नहीं देन। जो राशि सही बनती है, वे वह देने को तैयार हैं। दूसरी तरफ गौतम चीमा की संपत्ति करीब 60 करोड़ की है। उसकी जांच होनी चाहिए।
क्रिस्पी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोहाली पुलिस पर सवाल उठाए।