पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचंडीगढ़।रेलवे घूसकांड पर सड़क से लेकर संसद तक हंगामा मचा है। रेल मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है। वहीं चंडीगढ़ में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के नेता इस मुद्दे पर भी एकजुट नहीं दिख रहे। तीनों बड़े नेता आवाज तो उठा रहे हैं, लेकिन अलग-अलग। रेल मंत्री पवन बंसल पर प्रहार कर रहे ये नेता बातों ही बातों में खुद को लोकसभा चुनाव का दावेदार भी बता रहे हैं।
पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- 'अब तक पांच लोकसभा चुनावों में मेरा और पवन बंसल का मुकाबला हुआ है। तीन बार पवन बंसल और दो बार मैं चुनाव जीता हूं। अगर किस्मत रही तो अगले लोकसभा चुनाव में हिसाब बराबर हो जाएगा।' क्या लोकसभा चुनाव का पार्टी टिकट आपको मिलना तय हो गया है? यह पूछते ही उनकी बात थोड़ी बदल गई। बोले- मेरे अलावा हरमोहन धवन, संजय टंडन और किरण खेर भी दावेदार हैं।
भाजपा हाईकमान जिसे भी कमल का फूल थमाएगी, सब मिलकर उसे विजयी बनाने में जुटेंगे। अगला लोकसभा चुनाव वही जीतेगा, जिसके हाथ में कमल का फूल होगा। हाथ को नीचा होना पड़ेगा। पवन बंसल की जमानत जब्त हो जाएगी।
अलग-अलग कार्यक्रम करने की वजह पूछने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने कहा- मैं रविवार को पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला चुका था।
इसलिए मैंने और सत्यपाल जैन ने अलग मीटिंग की। मंगलवार को हम दोनों ने साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भाजपा में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। पार्टी के सीनियर लीडर चाहे अलग-अलग फायर कर रहे हैं, लेकिन टार्गेट केवल एक ही है। कांग्रेस पार्टी जॉइन करना मेरी जिंदगी की बड़ी भूल थी। दो बार लोकसभा चुनाव हार चुके बंसल मेरे कांग्रेस जॉइन करने के बाद ही जीते थे। अब मैं ही उन्हें चुनाव हराऊंगा।
वहीं चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन दावा कर रहे हैं कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा- मैं अध्यक्ष के तौर पर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहा हूं। मैं सांसद पद का दावेदार नहीं हूं। उम्मीदवार का फैसला पार्टी हाईकमान को करना है। भाजपा का टिकट जिसे भी मिलेगा, उसे जिताएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.