पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लोकायुक्त ने आरोपियों से पूछा- 'सीडी में आवाज व फोटो आप ही की है'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. सीएलयू के नाम पर रिश्वत मांगने संबंधी सीडी प्रकरण में लोकायुक्त जस्टिस प्रीतमपाल सिंह ने सभी आरोपियों से जानना चाहा है कि सीडी में दिख रहे चित्र और आवाज क्या वास्तव में उन्हीं की है? इस सवाल का जवाब आरोपियों को एफिडेविट पर देना है। इसके साथ ही लोकायुक्त ने शिकायतकर्ताओं के वकील से भी पूछा है कि जिन लोगों ने यह स्टिंग ऑपरेशन किया था, वे रिपोर्टर और एजेंट कौन लोग थे? स्टिंग करने वाले लोगों का एफिडेविट मांगा है कि यह स्टिंग उन्होंने ही किया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 सितंबर को होगी।

लोकायुक्त के यहां सोमवार को इस मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपियों की ओर से पेश की गई दो एप्लीकेशन का शिकायतकर्ताओं की ओर से जवाब दिया गया। इसमें कार्यतकर्ताओं ने दोनों ही एप्लीकेशन को मेंटेनेबल नहीं बताते हुए रिजेक्ट करने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इनेलो नेताओं ने कांग्रेस सरकार के मंत्री, सीपीएस और कुछ विधायकों के खिलाफ मीडिया में सीडी जारी की थीं। इनके माध्यम से आरोप लगाया गया था कि इन नेताओं ने सीएलयू के नाम पर रिश्वत मांगी थी। जिसे स्टिंग ऑपरेशन के जरिए सीडी में कैद किया गया। बता दें कि यह मामला काफी दिनों से चल रहा है।
सीडी मामले में ये हैं आरोपी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह, सीपीएस विनोद भयाना, विधायक नरेश सेलवाल, जरनैल सिंह और रामनिवास घोड़ेला। जबकि एक अन्य मामले में लोकायुक्त सरकार को सीपीएस रामकिशन फौजी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करवाने की सिफारिश पहले ही कर चुके हैं।
इधर, इनेलो ने सीएम के एडवाइजर (होम) को हटाया जाने की मांग की
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने चुनाव आयोग को अलग-अलग शिकायतें भेजकर सीएम के एडवाइजर (होम) पी.वी. राठी को तुरंत प्रभाव से बदले जाने की मांग की है। इनके साथ ही इनेलो ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) रोशनलाल, सीएम के प्रिंसीपल सेक्रेटरी एस.एस. ढिल्लो, खाद्य कमीशन के चेयरमैन आर.एस. दून के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।

इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव आर एस चौधरी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राठी जहां इस पद पर रहकर पुलिस तंत्र को प्रभावित करेंगे, वहीं सीएम के प्रिंसीपल सेक्रेटरी एस.एस. ढिल्लों, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के निदेशक लोकसंपर्क विनीत पूनिया और एक अन्य आईएएस अपने सरकारी दफ्तरों में कांग्रेस का काम कर रहे हैं। वहीं अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) रोशनलाल रक्सिल दवा खरीद समेत कई मामलों में विवादास्पद रहे हैं। जबकि हाल ही खाद्य कमीशन के चेयरमैन बनाए गए आर.एस. दून का तो ऑफिस ही सचिवालय में चल रहा है।
इधर, सीएम के प्रिंसीपल सेक्रेटरी एस.एस. ढिल्लो ने इनेलो के आरोपों को निराधार बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोड ऑफ कंडक्ट लग चुका है और उसका कड़ाई से पालन हो रहा है। ये सरकारी दफ्तर है न कि किसी पार्टी का कार्यालय। सभी काम नियमानुसार ही किए जा रहे हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के निदेशक लोकसंपर्क विनीत पूनिया ने भी आरोपों को द्वेषतावश और शरारतपूर्ण बताया है। पूनिया ने कहा कि चौटाला के शासनकाल में उन्होंने बतौर अतिरिक्त राजनीतिक सचिव और सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पीआरओ के रूप में काम किया था, इसी वजह से उन्हें बेवजह घसीटा जा रहा है। इस बारे में पी.वी. राठी और एसीएस (होम) रोशनलाल ने किसी तरह का रिस्पांस ही नहीं दिया।