चंडीगढ़. पूर्व सांसद एवं भाजपा के विधि एवं संसदीय कार्य प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी सत्यपाल जैन ने पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल की ओर से पत्रकारों से की गई कथित आपत्तिजनक एवं धमकी पूर्ण टिप्पणियों की निंदा की है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें मीडिया से माफी मांगनी चाहिए। जैन के मुताबिक बंसल रेलवे घूस कांड में फंसने के लिए स्वयं दोषी हैं।
मीडिया तो केवल तथ्यों को ही जनता के सामने उजागर कर रहा है जोकि मीडिया का कत्र्तव्य है। पूर्व मंत्री ने स्वयं पर लग रहे आरोपों के जवाब रविवार को सेक्टर-२८ में अपने आवास पर शक्ति प्रदर्शन करने का प्रयास किया लेकिन वह फ्लाप शो ही साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि चंद कांग्रेसियों को छोड़कर शहर के आम आदमी ने इस प्रदर्शन से स्वयं को दूर ही रखा।
जैन ने कहा कि अच्छा होता यदि पूर्व रेल मंत्री ऐसा करने की बजाय चंडीगढ़ की जनता को अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देते। जैन ने कहा कि पूर्व मंत्री को लगता है कि वे अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को मात्र प्रदर्शनों से दूर कर लेंगे तो यह असंभव है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों का निर्णय अदालतों में होता है न कि सड़कों पर प्रदर्शनों से। जैन ने मांग की कि सीबीआई पूर्व रेल मंत्री से पूछताछ करे तथा इस घूस कांड के सभी दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजे।