जीरकपुर। जीरकपुर शहर में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए यहां 200 बेड के हॉस्पिटल के साथ मेडिकल कॉलेज खोलने के प्रस्ताव को सीएम प्रकाश सिंह बादल ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए जीरकपुर नगर परिषद ने पीरमुछल्ला में करीब 20 एकड़ जमीन सुनिश्चित कराई। इस 20 एकड़ जमीन का बाजारी भाव करीब 200 कराेड़ रुपए है। पीरमुछल्ला में एमसी के पास करीब 75 एकड़ जमीन है। जिस पर सरकारी कॉलेज के लिए पहले से ही कुछ जमीन तय की जा चुकी है। इस संबंध में एनके शर्मा ने मंगलवार को यहां ढकोली के सरकारी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में एसएमओ सुनीता शर्मा, डाॅक्टर्स और शहर के लेागों के साथ मीटिंग की।
उन्होंने शहर में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए सभी की राय जानी और एसएमओ से कहा कि जो भी इन्फ्रास्ट्रक्चर चाहिए उसकी जानकारी दी जाए। शर्मा ने कहा कि सीएम ने पीरमुछल्ला में 200 बेड के हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दे दी है।
जरूरत है इस शहर को इतने बड़े हॉस्पिटल की: जीरकपुर के आसपास चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला में इस स्तर के अस्पताल हैं। जीरकपुर में ही ऐसा अस्पताल नहीं है। ढकोली में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को छोड़कर यहां अब तक सरकारी अस्पताल नहीं है। यहां के मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने इस हॉस्पिटल को खोलने के प्रस्ताव पर खुशी जाहिर की है।
ढकोली की सीएचसी भी होगी अपग्रेड : शर्मा ने मीटिंग में एसएमओ सुनीता शर्मा से कहा कि इस सीएचसी को 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं देने के लिए डाॅक्टर्स की संख्या में बढोतरी करो। स्वास्थ्य मंत्री से यहां डाॅक्टर की संख्या बढ़ाने को कहा।
बलटाना में खुलगी डिस्पेंसरी
बलटाना में इसी हफ्ते डिस्पेंसरी खोली जा रही है। मंगलवार को एमसी के पूर्व प्रधान कुलविंदर सोही, ओपी सिंगला, एसएसओ सुनीता शर्मा के साथ डिस्पेंसरी की तैयार बिल्डिंग का मुआयना करने आए। यहां फर्नीचर व अन्य सामान जोड़ा जा रहा है। यहां एक डाॅक्टर, एक फार्मसिस्ट व लैब का सभी सामान व स्टाफ हाेगा। इस हफ्ते यहां डिस्पेंसरी शुरू हो जाएगी। मीटिंग में शर्मा के अलावा देवेंदर सिंह बराड़, प्रेम सिंह व डाॅक्टर्स सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।
भास्कर का रहा सहयोग
जीरकपुर में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले। इसके लिए भास्कर ने कई बार खबरों के माध्यम से जनता की यह डिमांड को प्रशासन सामने रखी। विधायक से भी बात की। बलटाना में डिस्पेंसरी, ढकाेली में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा का मुद्दा उठाया। अब 200 बेड का अस्पताल का प्ररस्ताव, बलटाना में डिस्पेंसरी इसी हफ्ते खुल रही है। जबकि ढकोली की सीएचसी में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा शुरू हो रही है।