पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Medicity Will In 258 Acres In Chandigarh

3000 करोड़ के निवेश का रास्ता खुला, 258 एकड़ में बनेगी मेडिसिटी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. न्यू चंडीगढ़ में पंजाब सरकार ने 3 हजार करोड़ रुपए के निवेश का रास्ता खोल दिया है। पंजाब सरकार ने न्यू चंडीगढ़ में 258 एकड़ में बनने वाली मेडिसिटी में प्लॉट लेने के लिए पॉलिसी का एलान कर दिया है। प्लॉट अलॉट करने के लिए चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में एक कमेटी का भी गठन कर दिया है। मेडिसिटी में सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल यूनिवर्सिटी और रिसर्च सेंटर बनाए जा सकेंगे। पंजाब सरकार ने जो नई नीति तैयार की है, उसमें यूनिवर्सिटी के लिए 28 एकड़ और दो मल्टी स्पेशीलिटी हॉस्पिटल्स के लिए 20 एकड़, मेडिकल रिसर्च सेंटर के लिए 10 एकड़ और छोटे अस्पतालों के लिए 1 एकड़ के 10 प्लाॅट रिजर्व किए गए हैं।

पंजाब सरकार ने यूनिवर्सिटी के लिए 28 करोड़ रुपए प्रति एकड़ और अस्पताल के लिए 5.50 करोड़ रुपए प्रति एकड़ पर जमीन देने का फैसला किया है। यह राशि प्लॉट लेने वाली कंपनी को 10 सालों की किश्तों में देनी है। हर तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करके देने की जिम्मेदारी गमाडा की होगी।
फोर्टिस ग्रुप 28 एकड़ में करीब 1,110 करोड़ रुपए के निवेश से मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल बनाने के लिए सरकार से पहले ही करार कर चुका है। जमीन मिलने पर तुरंत निर्माण शुरू कर देगा। वहीं अन्य ग्रुप भी 200 करोड़ से 500 करोड़ रुपए तक के इन्वेस्टमेंट से हॉस्पिटल बनाने के लिए तैयार हैं। मेदांता भी जमीन के लिए प्रयास कर रहा है।
इन्वेस्टमेंट ब्यूरो हुआ एक्टिव
प्लाॅट अलॉटमेंट करेगी कमेटी। प्लॉट अलॉट करने के लिए चीफ सेक्रेटरी सर्वेश कौशल की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन कर दिया गया है।
क्या क्या होगा मेडिसिटी में
साइट संख्या एकड़
मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल - 2 - 20
मेडिकल यूनिवर्सिटी - 1 - 28.21
मेडिकल रिसर्च सेंटर - 1 - 6.0
हॉस्पिटल - 5 से 10 - 10
मेडिसिटी में निवेश की इच्छा रखने वालों के लिए सरकार ने पंजाब इन्वेस्टमेंट ब्यूरो बनाया हुआ है। यह सिंगल विंडो की तरह काम करता है और हर तरह की मंजूरी केवल इसी ऑफिस से मिलेगी। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने बताया कि पंजाब में स्वास्थ्य सुविधाओं पर होने वाले कुल खर्च का 82 फीसदी प्राइवेट सेक्टर में होता है, साफ है कि इस सेक्टर में इन्वेस्टमेंट की संभावनाएं हैं। न्यू चंडीगढ़ में मेडिसिटी और एजुसिटी स्थापित किए जा रहे हैं। मेडिसिटी के लिए 258 एकड़ जमीन रखी गई है, जिसमें से 104 एकड़ में इंस्टीट्यूशंस बनाए जाएंगे, जबकि शेष जमीन सड़कों, ग्रीन पार्क, ग्रीन बेल्ट, पार्किंग के लिए है।
होमी भाभा कैंसर रिसर्च सेंटर को दी 50 एकड़ जमीन
पंजाब सरकार होमी भाभा कैंसर रिसर्च सेंटर को 50 एकड़ जमीन पहले ही दे चुकी है, जो टाटा मेमोरियल की ओर से बनाया जाएगा। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह ने इसका पिछले साल उद‌्घाटन किया था। पंजाब इन्वेस्टमेंट ब्यूरो के सीईओ अनिरुद्ध तिवारी ने बताया कि मेडिसिटी में अपने इंस्टीट्यूशंस स्थापित करने के लिए फोर्टीज, मैक्स और किंग्स कॉलेज लंदन ने इच्छा जताई हुई है। उन्हें जमीन मिलने का इंतजार है।
लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज
पंजाब में कई मेडिकल कॉलेजों और बड़े अस्पतालों के बावजूद क्वालिटी मेडिकल हेल्थकेयर सविर्सेस की कमी है। मेडिसिटी में नेशनल-इंटरनेशनल लेवल के मेडिकल संस्थानों के आने से लोगों को इलाज की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।