चंडीगढ़. आईटी कंपनी चलाने वाले सेक्टर-45 के नवीन की रविवार को शादी थी। शादी के इंतजाम के लिए वे शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल पर घर से निकले थे, उसके बाद से उनका कुछ पता नहीं। पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज किया है।
जबकि नवीन की मोटरसाइकिल रोपड़ में नहर के पास मिली है। उनके मोबाइल फोन की आखरी लोकेशन भी रोपड़ की है। वहीं रविवार रात नवीन के रिश्तेदारों ने बुड़ैल पुलिस चौकी का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही, जो कई दिनों से नवीन को धमकियां दे रहे थे।
नवीन अपनी मां विजय और भाई प्रवीण के साथ रहते हैं। प्रवीण ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-47 में उनकी सॉफ्टवेयर फर्म है। सीक्रेट डाटा लीक करने पर उन्होंने कुछ समय पहले अपने तीन कर्मचारियों को निकाला था। इसके बाद से तीनों नवीन को धमकियां दे रहे थे।
मां विजय के मुताबिक शुक्रवार रात 10.30 बजे तक नवीन ने अपनी होनी वाली पत्नी के साथ फोन पर चैटिंग की। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं। नवीन के भाई के मुताबिक वह खुद लापता हो ही नहीं सकता। वह शादी को लेकर बहुत उत्साहित था। लड़की उसकी पसंद की है।
नवीन ने खुद ही अपनी शादी के लिए बैंड, घोड़ी आदि बुक करवाए थे। वही इंस्पेक्टर दीवान सिंह के मुताबिक अभी तक की जांच में नवीन की किडनैपिंग होने जैसी वारदात की पुष्टि नहीं हो रही। लड़की और नवीन के परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
बस बेटा घर आ जाए
नवीन की शादी सेक्टर-38 वेस्ट की अनु से होनी थी। सेक्टर-35 में भवन बुक किया गया था। नवीन और अनु के घर जहां दो दिन पहले तक शादी की खुशियां थी, वहीं अब माहौल गमगीन है। मां विजय कहती हैं- बस मेरा बेटा घर आ जाए। पता नहीं वह किस हाल में होगा। हमारे घर की खुशियों को ही नजर लग गई।
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को नवीन के बारे में पता हो तो नजदीकी पुलिस स्टेशन या 9779580934 नंबर पर जानकारी दें। नवीन ने नीले रंग की चेक शर्ट और ग्रे रंग की पेंट पहनी थी।