पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मदर्स डे स्पेशल : ...जब मां ने कहा- कब्र से बेहतर है बेटा इंसान के काम आए

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. हमने उन्हें बेटे की बॉडी हैंडओवर की और उन्होंने हमें क्रिसमस ट्री का पौधा दिया। मानो हमने अपने पौधे बदल लिए। अब मेरा बेटा उनकी लैब में हमेशा जिंदा रहेगा और यह पौधा हमारे घर में। किश्वर अहमद शिराली उस पौधे में बेटे का अक्स देखती हैं पर उनकी आंखों में आंसू नहीं, गहरा सुकून झलकता है।
76 बरस की इस मां ने अपने बेटे अलिफ नीलेश शिराली की मौत के बाद उसका शरीर पीजीआई को डोनेट किया है। मुश्किल रहा ये फैसला..? वे कहती हैं मुश्किल नहीं था। उसके शरीर को हम चिता के हवाले करें या कब्र में कीड़ों का भोजन बनाएं, इससे बेहतर है कि वह इंसान के काम आए।
अब मैं कह सकती हूं, पहले मेरा बेटा वॉल स्ट्रीट में काम करता था, अब पीजीआई में एमएस स्टूडेंट्स को पढ़ाता है। यह मृत्यु के भी बाद का जीवन है। किश्वर हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से रिटायर्ड हैं और उनके पति डॉ. सतीश शिराली पंजाब यूनिवर्सिटी के मैथमैटिक्स डिपार्टमेंट से। वे मृत्यु के बाद मुक्ति या मोक्ष के सिद्धांत को न मानते हुए मानवता को तरजीह देते हैं।
इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म
परिवार, रिश्तेदार और समाज का नजरिया बॉडी डोनेशन को लेकर क्या रहा? किश्वर कहती हैं,‘ परिवार मेरे साथ था। रिश्तेदारों की संवेदनाएं मेरे पक्ष में रहीं और समाज को लगा कि इस परिवार में मौत के बाद किसी तरह का शांति पाठ या रस्म क्रिया जैसा कुछ क्यों नहीं हो रहा। हमने उनका शुक्रिया अदा किया जो दुख में हमारे साथ थे, बाकी सबको बता दिया कि हमारा धर्म इंसानियत है, जो सबसे बड़ा है। इसमें किसी रस्म-रिवाज को माना नहीं जाता।’
पैसा बनाकर छोड़ जाना मकसद नहीं
किश्वर धर्मशाला के पास मडहाउस बनाकर रहती हैं। वे हेल्प फाउंडेशन नाम का एनजीओ भी चलाती हैं, जो बच्चों के लिए काम करती है। वे मानती हैं कि जीवन का मकसद पैसा बनाकर दूसरों के लिए छोड़ जाना नहीं, बल्कि दुनिया के लिए कुछ कर जाना है कि बाद में भी लोग याद करें।
बेटे की मौत के दो दिन बाद अपडेट किया फेसबुक स्टेटस
हौसले और इंसानी जज्बे की मिसाल बनी यह मां 28 अप्रैल को फेसबुक वॉल पर लिखती है..अलिफ का 47वां बर्थडे 25 अप्रैल को था। 26 की सुबह वह हमें छोड़कर जा चला गया। हमने उसकी बॉडी पीजीआई को डोनेट कर दी है, जहां अब वह स्टूडेंट्स को पढ़ाएगा।