चंडीगढ़. नगर निगम के खर्च पर भाजपा और कांग्रेस के काउंसलर अपने बीवी-बच्चों व रिश्तेदारों को कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के नाम पर साथ घुमाने ले गए। इस टूर 20 काउंसलर्स और छह अफसरों का था। इनमें से आठ काउंसलर अपनी पत्नी, बच्चों व पति को साथ लेकर गए। भाजपा काउंसलर आशा जसवाल ने तो अपनी बेटी के साथ भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता धवन की बेटी चित्रा धवन को भी चेन्नई, पोर्ट ब्लेयर और कोलकाता की सैर करवा दी।
जबकि प्रशासन ने सिर्फ काउंसलर्स और अफसरों को टूर पर जाने की परमिशन दी थी। नौ दिनों के इस टूर पर करीब 27.50 लाख रुपए खर्च आया है। यदि सिर्फ काउंसलर और अफसर ही टूर पर जाते तो खर्च करीब 18.20 लाख रुपए आता। यानी करीब 9 लाख रुपए एक्सट्रा खर्च कर दिए गए।
मेयर हरफूल चंद्र कल्याण ने काउंसलर्स का चेन्नई, पोर्ट ब्लेयर और कोलकाता का 31 अगस्त से 9 सितंबर तक का कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम बनाया था। इसके लिए प्रशासन से परमिशन मांगी गई। प्रशासन ने परमिशन में क्लियर कर दिया था कि काउंसलर कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम पर जा सकते हैं। लेकिन इसमें परिवार वालों को साथ ले जाने का जिक्र नहीं था। लेकिन आठ काउंसलर्स एयर टिकट के 30-30 हजार रुपए खुद खर्च करके अपने घरवालों को साथ ले गए। टूर का बाकी सारा खर्च निगम के खाते में गया।
18.20 लाख का टूर पैकेज 27.50 लाख रुपए तक पहुंचा
- भाजपा काउंसलर दल के नेता अरुण सूद अपनी बीवी, दो बच्चों और भांजी को साथ ले गए।
- गुरबख्श रावत और पूनम शर्मा अपने पति को साथ लेकर गईं।
- गुरचरण दास काला, सतीश कैंथ, एमपी कोहली, बाबू लाल अपनी पत्नी को साथ ले गए थे।
- आशा जसवाल अपनी बेटी और भाजपा महिला मोर्चा प्रधान की बेटी को साथ लेकर गईं।
ये दी सफाई
आशा जसवाल का कहना है कि वह टूर पर अपनी बेटी आंचल और भाई की बेटी चित्रा धवन को साथ लेकर गईं थी। उन दोनों की टिकट और खर्च की पेमेंट कंपनी की ओर से 30-30 हजार मांगी गई थी।
अफसर बोले ही नहीं
निगम के जॉइंट कमिश्नर राजीव गुप्ता ने इस बारे में कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उन्होंने कहा- इसकी जानकारी नहीं है। जो भी बच्चे लेकर गया, अपने और भाई-बहन के बच्चे बताकर ले गया है।