पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पोस्ट ऑफिस में फर्जीवाड़ा, कस्टमर्स के अकाउंट से लाखों रुपए गायब

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचकूला. पेट काटकर देवीनगर पोस्ट ऑफिस में पैसे जमा करवाती रही, ताकि बुढ़ापे में ये पैसे काम आएं। अब तक एक लाख रुपए जमा करवा चुकी हूं। लेकिन अब मेरे अकाउंट में सिर्फ 3200 रुपए ही बचे हैं। पोस्ट ऑफिस वाले कहते हैं कि उनके अकाउंट से 96,800 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। मैंने तो यह पैसे निकाले नहीं, फिर ऐसा कैसे हो गया। यह कहना है बुजुर्ग महिला लाजवंती का। मामला इसलिए और गंभीर है क्योंकि ऐसा एक-दो नहीं बल्कि कई कस्टमर्स के साथ हुआ है। शनिवार को इन्होंने पोस्ट ऑफिस में हंगामा किया। वहीं सेक्टर-8 पोस्ट ऑफिस इंचार्ज का कहना है कि अकाउंट से पैसे थोड़े-थोड़े करके निकाले गए हैं। यह कैसे हुआ इसकी जांच करवाएंगे।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
बुजुर्ग महिला लाजवंती ने बताया कि उन्हें फर्जीवाड़े का पता उस समय चला जब शुक्रवार को उसके बेटे ने सेक्टर 8 पोस्ट ऑफिस में अकाउंट में पैसे चेक किए। पता चला कि अकाउंट में सिर्फ 3200 रुपए हैं। इसके बाद देवीनगर के और लोगों ने भी अपने अकाउंट चेक करवाए। उनके भी पैसे गायब मिले। लोगों ने कहा कि देवीनगर पाेस्ट ऑिफस की इंचार्ज राजबाला के पास वे पैसे जमा करवाते थे। वे जब भी अपने पैसे निकालने के लिए जाते थे तो राजबाला इसमें टाइम लगने की बात कहकर टाल देती थी।
इनके अकाउंट से निकाले गए रुपए
- लाजवंती कौर के अकाउंट नंबर 401782 में जमा 1 लाख रुपए में से 96,800 हजार रुपए अवैध तौर पर निकाले गए हैं
- ईशपाल के अकाउंट नंबर 997782 में 13 हजार रुपए में से 10 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं
- सरोज बाला के अकाउंट नंबर 995279 में जमा 20 हजार रुपए में से 15 हजार रुपए निकाले गए हैं
- ज्योति के अकाउंट नंबर 995887 में जमा 4649 में से 3 हजार रुपए निकाले गए हैं
सोमवार को सभी के पैसे अकाउंट में होंगे: राजबाला
देवीनगर पोस्ट ऑिफस की इंचार्ज राजबाला ने माना कि लोगों के अकाउंट से पैसे गायब हैं। उन्होंने दावा किया कि सोमवार को सभी के पैसे उनके अकाउंट में आ जाएंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि लोगों के अकाउंट से पैसे गायब कैसे हुए।
जांच करवाएंगे: सिंगला
सेक्टर 8 पोस्ट ऑफिस इंचार्ज स्वीता सिंगला ने बताया कि देवीनगर से आए लोगों ने उनके अकाउंट से राशि अवैध निकाले जाने की शिकायत की है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारी दी जाएगी, ताकि उचित कार्रवाई हो सके।
देवीनगर के पाेस्ट ऑफिस में बुजुर्ग महिला लाजवंती देवी ने पेंशन जोड़-जोड़कर 1 लाख रुपए जमा किए थे