पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हुड्डा की सिक्योरिटी में तैनात थानेदार 1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. हरियाणा सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा की सिक्योरिटी में तैनात एएसआई जगदीश राम को मंगलवार का यूटी विजिलेंस विभाग ने 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जगदीश को सेक्टर-3 के एमएलए हॉस्टल के पास से दबोचा गया है।
थानेदार जगदीश कैथल के एसएचओ और सीआईए में तैनात एएसआई जतिंदर कुमार के लिए रिश्वत ले रहा था। डील 13 लाख की थी, 5 लाख की रिश्वत पहले ही दी जा चुकी थी।
एसपी विजिलेंस राजिंदर सिंह घुम्मन ने बताया कि मौलीजागरां के टैक्सी ड्राइवर गुरमीत सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि हरियाणा पुलिस के थानेदार और एसएचओ उससे रिश्वत मांग रहे हैं। गुरमीत मनीमाजरा में ट्रैवल एजेंट गुरदियाल सिंह के पास ड्राइवर था।
गुरदियाल ने कैथल के किसी व्यक्ति से ठगी की थी, जिस पर कैथल थाना पुलिस ने गुरदियाल के साथ-साथ गुरमीत को भी आरोपी बना लिया। गुरमीत का नाम केस से निकालने के लिए एएसआई जतिंदर और एसएचओ कैथल उससे 13 लाख रुपए मांग रहे थे। गुरमीत ने पहले कुछ रकम दी। फिर जतिंदर के कहने पर 5 लाख की रकम अप्रैल में सीएम सिक्योरिटी के थानेदार जगदीश को दी। जगदीश ने अंबाला जाकर यह रकम जतिंदर तक पहुंचाई। बाकी रकम के लिए आरोपी लगातार गुरमीत पर दबाव बना रहे थे।
गुरमीत के पास पैसे नहीं थे, जिस पर उसने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी। विजिलेंस ने ट्रैप लगाया और मंगलवार को जगदीश को रकम लेते रंगे हाथों दबोच लिया। एसएचओ कैथल और एएसआई जतिंदर को गिरफ्तार करने के लिए विजिलेंस टीम हरियाणा रवाना हो गई है।