मोहाली। निगम चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अकाली-भाजपा में मचा घमासान अभी जारी है। अकाली दल के हलका इंचार्ज बलवंत सिंह रामूवालिया ने कहा कि सीटों का बंटवारा जिला भाजपा अध्यक्ष सुखविंदर गोल्डी व कुलवंत में हुए समझौते के अनुसार हुआ है। कुलवंत बेवजह उन पर सीटों के बंटवारे में धक्केशाही का आरोप लगा रहे हैं।
टिकटों को लेकर कुलवंत-गोल्डी में हुए समझौते के अनुसार ही टिकटें दी गईं। दोनों को मिलाकर 19 सीटें दी गईं, जिसमें 17 भाजपा को और दो सीटें अलग से कुलवंत को दी गई थीं। रामूवालिया ने बताया कि टिकट बंटवारे को लेकर हाई पावर कमेटी की बैठक अकाली को-आॅर्डिनेटर महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल व भाजपा को-आॅर्डिनेटर सोम प्रकाश की अध्यक्षता में हुई। उसमें जिला भाजपा अध्यक्ष गोल्डी ने भाजपा के 17 उम्मीदवारों की लिस्ट पेश की थी, लेकिन उसमें 9 कुलवंत सिंह समर्थक अकाली नेता थे। बैठक में एतराज हुआ कि 9 अकाली नेताओं को भाजपा ने अपनी लिस्ट में क्यों शामिल किया। गोल्डी और कुलवंत ने जवाब दिया कि हम दोनों में समझौता हो गया है। रामूवालिया ने कहा कि कुलवंत ने मीटिंग से कुछ दिन पहले उनसे कहा था कि उनके कुछ समर्थक भाजपा की लिस्ट में डाले गए हैं। उनको टिकट दिया जाए। इस तरह भाजपा क 17 में से 8 सीटें भाजपा को और 9 कुलवंत समर्थकों को मिलीं। कुलवंत को दो सीटें अलग से दी थीं।
दो सीटें कुलवंत ने अकाली कोटे से मांगीं
रामूवालिया ने साफ किया कि भाजपा की लिस्ट में कुलवंत सिंह के समर्थकों को शामिल किया गया था। वहीं कुलवंत सिंह ने अपने लिए वार्ड नंबर 49 व अपने बेटे के लिए वार्ड नंबर 25 अकाली कोटे से मांगा था, ताकि वे तकड़ी चुनाव चिह्न पर इलेक्शन लड़ सकें, जबकि भाजपा कोटे के उनके समर्थकों को कमल निशान पर चुनाव लड़ना तय हुआ था। उन्होंने कहा कि उनको बेवजह बदनाम किया जा रहा है और पार्टी छोड़कर आजाद चुनाव लड़ने का बिगुल बजाया गया है।
11 सीटों से अधिक नहीं देनी थीं भाजपा को
रामूवालिया ने कहा कि भाजपा को पार्टी हाईकमान ने 11 सीटें देने से इनकार कर दिया था। कुलवंत गुट की सीटों को मिलाकर ही उन्हें 17 सीटें दी गई थीं। गोल्डी ने वार्ड-1, 3, 6, 7, 8, 9, 21, 26, 28, 30, 32, 33, 36, 37, 44, 48 व 50 मांगे थे। गोल्डी से पूछा था कि इनमें कुलवंत समर्थक के वार्डों के नाम भी शामिल हैं तो उन्हांेने इसके लिए हां कहा था। इन वार्डों में प्रकाशवती, अमितेश्वर कौर, आरपी शर्मा, ज्ञान चंद अग्रवाल का नाम भी शामिल था।
‘कुलवंत के लिए नहीं, भाजपा के लिए मांगी थीं सीटें’
जिला भाजपा अध्यक्ष सुखविदंर सिंह गोल्डी ने कहा कि सीटों को लेकर जो भी फैसला हुआ है। वह पार्टी हाईकमान द्वारा किया गया है। गोल्डी ने कहा कि जो वार्ड उन्हें दिए, उनमें से अधिकतर रामूवालिया ने लिखे थे। उन्होंने कहा कि अारपी शर्मा लंबे समय से भाजपा के साथ हैं। अमितेश्वर कौर किसी पार्टी से संबंधित नहीं थी, ज्ञान चंद अग्रवाल भी अकाली दल के सदस्य नहीं है। प्रकाशवती भाजपा कार्यकारिणी की सदस्य हंै। इन्हें अकाली कह कर अपनी गलती को छुपाया जा रहा है।
क्या कहते हैं कुलवंत
कुलवंत ने कहा कि गोल्डी के साथ उनके समझौते की बात बे-बुनियाद है। वे अकाली हैं और अकाली दल के टिकट पर ही एमपी का चुनाव लड़ा था। बडाली के कहने पर वे रामूवालिया से मिले थे, लेकिन सीटों को लेकर कोई बात नहीं हुई थी।