चंडीगढ़. पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट वीरवार को ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगा, जब एक साथ 12 जज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इससे पहले मार्च 1991 में हाईकोर्ट में एक साथ 10 जजों ने पद की शपथ ली थी। इसके बाद फरवरी 1999 में आठ जजों ने एक साथ पद की शपथ ली थी। इसके साथ ही पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पहली बार जज संख्या 57 तक पहुंचेगी और इसमें भी पहली बार हाईकोर्ट में महिला जज की संख्या सात से बढ़कर नौ होगी। पांच डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज को पदोन्नति देकर हाईकोर्ट जज बनाया जा रहा है, वहीं हाईकोर्ट के सात वकीलों को जज बनाया जा रहा है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में प्रस्तावित जज संख्या भी 68 से बढ़ाकर 85 कर दी गई है।
हाईकोर्ट से 7 वकील हुए प्रमोट
वकीलों से हाईकोर्ट जज बनने वालों में जयश्री ठाकुर, दीपक सिब्बल, अनुपिंदर सिंह ग्रेवाल, हरिपाल वर्मा, अमित रावल, राजमोहन सिंह व बीएस वालिया का नाम शामिल है। दीपक सिब्बल व जयश्री ठाकुर चंडीगढ़ प्रशासन के पैनल पर एडिशनल गवर्नमेंट प्लीडर हैं और हाईकोर्ट में प्रशासन की तरफ से पैरवी कर रहे हैं। ठाकुर नेशनल लेवल की बास्केटबॉल प्लेयर रही हैं और उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी में छह साल तक पढ़ाया भी है।
दीपक सिब्बल सबसे कम उम्र में जज बनने जा रहे हैं। दीपक पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री कपिल सिब्बल के भतीजे हैं। राजमोहन सिंह बार काउंसिल ऑफ इंडिया में बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ग्रेवाल व हरिपाल वर्मा पंजाब के एडवोकेट जनरल आॅफिस की तरफ से हाईकोर्ट में पैरवी कर रहे हैं।
6 सेशंस जज को प्रमोशन: सेशंस जज से पदोन्नति हासिल कर हाईकोर्ट जज बनने वालों में हरियाणा से दर्शन सिंह, डॉ. शेखर कुमार धवन, स्नेह पराशर, राज राहुल गर्ग और पंजाब से गुरमीत राम का नाम शामिल है।