पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जिला परिषद व समिति चुनाव में लगे पैरामिलिट्री फोर्स

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. पंजाब कांग्रेस ने जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव में बूथ कैप्चरिंग की आशंका जताई है। इसे लेकर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप बाजवा की अध्यक्षता में कांग्रेस नेता राज्यपाल शिवराज पाटिल से मिले।
उन्होंने मांग की कि जिला और पंचायत समितियों के चुनाव में प. बंगाल की तरह केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किया जाए। सभी बूथों के अंदर और बाहर की वीडियोग्राफी करवाई जाए। सभी चुनाव अधिकारी रेगुलर अधिकारी लगाए जाएं न कि अनुबंध के आधार पर लगे अधिकारियों को चुनाव की कमान सौंपी जाए। बाजवा ने बताया कि राज्यपाल ने उनकी मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने के बारे में कहा, चुनाव के बाद पांच सदस्यीय कमेटी आरटीआई से दस्तावेज जुटाकर इसकी जांच करेगी। वे इसे लेकर चुनाव आयुक्त से भी मिलेंगे।
तृप्त बाजवा से नाराज
फतेहगढ़ चूड़िया के विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, जिन्होंने अपने हलके में चुनाव का बहिष्कार कर दिया है के बारे में प्रताप बाजवा ने कहा, उन्होंने सभी प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद मुझे बताया। यह ठीक नहीं था। मैं चाहता हूं कि बेशक एक भी आदमी भी हो लेकिन वह चुनाव में खड़ा होकर इन्हें चुनौती दे।
धमकाकर नामांकन वापस कराए
कांग्रेस प्रत्याशियों को धमकाकर नामांकन वापस लिए जा रहे हैं। पठानकोट रूरल में कांग्रेस प्रत्याशी के पति को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने धमकी दी कि यदि उन्होंने नामांकन वापस न लिया तो उनका क्रशर बंद करा दिया जाएगा। इसके बाद उनकी बीवी ने नामांकन वापस ले लिया। फतेहगढ़ चूड़ियां के कांग्रेस विधायक ने कहा, यहां पंचायत समितियों में हमारे 21 में से 14 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए, जबकि जिन लोगों का नाम एतराज सूची में है, उनके रद्द नहीं हुए। विधायक सुखजिंदर सिंह ने कहा, कलानौर में अकाली हमारे प्रत्याशी मनदीप की 16 लाख की गाड़ी को तोड़ गए। एक अन्य सरपंच बिट्टू का पैर तोड़ गए।
अकाली नहीं, पंजाब पुलिस लड़ रही चुनाव
बाजवा ने कहा, ये चुनाव अकाली नहीं, बल्कि पंजाब पुलिस लड़ रही है। पुलिस ने सभी कांग्रेसियों के हथियार जब्त कर लिए हैं, जबकि अकाली कार्यकर्ता अब भी हथियार लेकर घूम रहे हैं। ये कांग्रेसी उम्मीदवारों को धमकाकर उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। पुलिस भी इस मामले में अकालियों के साथ है।
रिजर्वेशन रोटेशन पर सरकार को नोटिस
चंडीगढ़। पंजाब में सरपंच पद के लिए रिजर्वेशन व रोटेशन में पारदर्शिता की मांग संबंधी एक जनहित याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार, पंजाब राज्य चुनाव आयोग, होशियारपुर के डीसी व विधायक सुरेंद्र सिंह बुलेवाल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले की सुनवाई 16 मई को होगी। होशियारपुर निवासी परविंदर सिंह की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया कि पंजाब में होने जा रहे पंचायत चुनावों में सरपंच की नियुक्ति के लिए रिजर्वेशन व रोटेशन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई है।