जीरकपुर. शनिवार को ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले कपल की रविवार को शिनाख्त कर ली गई। लड़का और लड़की चंडीगढ़ के धनास के रहने वाले थे। लड़की 17 साल की पूजा और लड़का 18 साल का लालू था। बताया गया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। पूजा के घरवाले उसकी शादी की बात कर रहे थे। इसी कारण दोनों ने सलौनी के पास रेल लाइन पर हिमालयन क्वीन के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दे दी। लालू अपने पिता के साथ फलों की रेहड़ी लगाता था। दोनों धनास से जीरकपुर कैसे आए, इस बारे में पता नहीं लग सका है। बताया गया कि दोनों शनिवार को सुबह 10 बजे घर से चले थे।
घरवालों के सामने नहीं रख पाए अपनी बात
पूजा सातवीं क्लास तक पढ़ी थी। वह घर में चार बहनों व दो भाइयों में सबसे बड़ी थी, जबकि लालू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पूजा व लालू एक दूसरे को चाहते थे लेकिन घरवालों से बात तक करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। पूजा के लिए रिश्ते देखे जा रहे थे जिस पर दोनों को लगा कि एक दूसरे से अलग हो जाएंगे। नौ बजे पूजा घर से निकली और लालू के साथ बिना बताए कैसे गाजीपुर तक पहुंची, किसी को कुछ नहीं मालूम।
बताते तो उनके हक में कर देते फैसला
डेराबस्सी सिविल अस्पताल में पूजा और लालू के शव पुलिस ने घरवालों को सौंप दिए। शव मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। घरवालों का कहना था कि अगर दोनों ने ये बात पहले बताई होती तो हम उनके हक में फैसला कर देते। कम से कम इस दर्दनाक हादसे से तो बच जाते।
बंधे थे हाथ, काटनी पड़ी चुन्नी की गांठ
शादी की बात पता चलने पर दोनों घर से भागे और चुन्नी से हाथ बांधकर पैसेंजर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। दोनों के शरीर कट गए। पुलिस ने उनके शरीर के टुकड़ों को हटाया, लेकिन हादसे के दौरान दाेनों के बंधे हाथ चुन्नी से अलग नहीं हुए। चुन्नी की गांठ को दराती से काटना पड़ा।