पंचकूला. ज्योति मर्डर केस में मुख्य आरोपी हिमाचल के दून हलके से विधायक राम कुमार चौधरी की पत्नी निधि से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) कई सवाल करने वाली है।
पंचकूला एसआईटी ने सवालों की जो लिस्ट तैयार की है उसके मुताबिक निधि से पूछा जाएगा कि क्या उन्होंने ज्योति को फोन पर कभी धमकाया था। दरअसल, ज्योति की बहन इशु ने पुलिस को दिए बयान में धमकी की बात कही है।
वहीं, ज्योति के पिता बूटीराम ने बताया कि अंबाला-पंचकूला कमिश्नर राजबीर देसवाल को उन्होंने बताया है कि निधि के मामा की ओर से उन्हें कई बार रुपए की ऑफर आई थी। उन्हें कहा जा रहा था कि केस वापस ले लो। दरअसल एसआईटी के पास निधि और उनके मामा के बीच बातचीत की फोन रिकॉर्डिग मौजूद है। यह अहम सबूत हो सकता है। पुलिस निधि से सवाल करके इनकी तह तक जाना चाहती है।
एसआईटी के सवाल निधि और उनके मामा से
क्या ज्योति को फोन पर धमकी दी जा रही थी?
ज्योति मर्डर के बाद निधि और उनके मामा की कितनी बार आपस में बात हुई?
क्या ज्योति के परिवार को रुपए की ऑफर की गई?
कितनी रकम की बात हुई?
चौधरी के पीएसओ का पता निकला फर्जी
चौधरी के पीएसओ सतपाल को ढूंढने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। पुलिस टीम सतपाल के ड्राइविंग लाइसेंस पर दर्ज पते पर उसके गांव अलाइका जिला बठिंडा गई थी। वह हाथ नहीं लगा, क्योंकि पता ही फर्जी निकला।
पुलिस ने उसके कई साल पुराने मोबाइल नंबर से भी पता करने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस जब सतपाल के गांव पहुंची तो पता चला कि वहां उसे कोई जानता तक नहीं है। उसके गांव के वोटर लिस्ट में उसका नाम नहीं है। गांव के सरपंच से हलफनामा भी लिया गया है कि सतपाल यहां नहीं रहता।