कुराली. नेशनल हाईवे-21 पर वर्दी गांव के पास फिल्मी स्टाइल में 22 लाख की लूट ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। पुलिस की वर्दी में आए लुटेराें ने दलजीत एंड कंपनी के डॉयरेक्टर रविंदर पाल सिंह पर किरच से हमला कर लहुलहान कर दिया और उनके पास से करीब 22 लाख का कैश लेकर फरार हो गए। रविंदर पाल शुक्रवार शाम कुराली से पेट्रोल पंप से कैश कलेेक्ट करके आ रहे थे। इसी बीच चीमा वायलर फैक्ट्री के पास वारदात हुई। लुटेराें ने पहले कार रुकवाई और फिर रविंदर सिहं पर कार से हमला कर दिया। लुटेरों से रविंदर की धक्कामुक्की भी हुई, लेकिन चोट लगने के कारण आरपी दोबारा से नीचे गिर गए और आरोपी बाइक पर कुराली की तरफ फरार हो गए। पुलिस रविंदर सिंह को कुराली सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उन्हें तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया गया। जिस प्वाइंट पर यह घटना हुई वह कुराली-रोपड़ मार्ग नेशनल हाईवे है और रोपड़ के सिंह भगवंतपुरा थाने के अंतर्गत आता है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
रोजाना दो पेट्रोल पंप का कैश कलेक्ट कर लौटते थे रविंदर
बेटी अमरजोत ने बताया कि उनके पापा दलजीत एंड कंपनी में बतौर डॉयरेक्टर काम करते हैं। वह सेक्टर-42 में रहते हैं। पापा रविंदर पाल सिंह उर्फ आरपी सिंह रोजाना की तरह रोपड़ स्थित पेट्रोल पंप से केश कलेक्ट कर वापस मोहाली आते हैं। घटना के समय कितना कैश था यह पता नहीं चल पाया है। घायल की बेटी अमरजोत ने बताया कि वैसे कैश लाखों में होता है। लेकिन आज काउंट नहीं किया था।
शराब के नशे में थे आरोपी
अमरजोत ने बताया कि उनके पापा जैसे ही चीमा वायलर फैक्ट्री के पास से गुजरने लगे तभी एक काले रंग के बाइक पर खाकी वर्दी पहने दो पुलिसकर्मियों ने उनको रुकने का इशारा किया। आरपी सिंह ने सोचा की पुलिसकर्मी है कि बात को लेकर रुकने के लिए इशारा कर रहे है। आरेापियों ने कार के पास आकर आरपी को बाहर आने के लिए कहा। आरपी जैसे ही कार से बाहर आए बाइक पर पुलिस की वर्दी पहने पीछे बैठे लुटेरे गाड़ी में रखे बैग को पकडऩे के लिए आगे झुका। आरपी ने तुरंत उसे पीछे हटने के लिए कहा। इतने में उस लुटेरे ने किरच निकाली और उनकी दाईं तरफ छाती और पेट के बीच किरच मार दी, जिससे वे घायल हो गए। अमनजोत को रविंदर ने बताया कि दोनों लुटेरों ने शराब पी रखी थी।