पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अनजान के लिए गेट खोला, घर में घुस आए 6 डकैत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचकूला. पंचकूला सेक्टर-4 में रहने वाले राजीव गर्ग के घर में सोमवार रात 6 हथियारबंद लुटेरे घुस आए और डकैती को अंजाम दिया। उस वक्त घर पर उनका बेटा व दो लोग और थे।
बेटे ने अनजान शख्स के लिए दरवाजा खोल दिया था। लुटेरों में दो महिलाएं भी थीं। चाकू की नोक पर धमकाकर डकैती डाली और जाते-जाते घर में मौजूद तीन लोगों को बाथरूम में बंद कर गए। राजीव का बरवाला में पोल्ट्री फार्म है। घर से ज्वेलरी और चांदी के बर्तन व अन्य सामान गायब है।
राजीव ने बताया कि उनकी पत्नी बेटी के साथ सोमवार दोपहर को ही अपने मायके मेरठ चली गई थीं। रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ खाना खाने बाहर चले गए थे। घर पर 17 साल का बेटा अनिरुद्ध, मेड रीना और अकाउंटेंट प्रवीण ही थे। करीब 10.30 बजे राजीव के पास काम करने वाले राजेश घर आए तो देखा दरवाजा बाहर से बंद है। दरवाजा खोला तो अंदर सब कुछ बिखरा पड़ा था। राजेश ने ही बाथरूम से तीनों को खोला। इसके बाद राजीव को जानकारी दी गई।
अनिरुद्ध के मुताबिक
मैंने रात का खाना खाया ही था कि किसी ने बेल बजाई। देखा तो जींस-टीशर्ट पहने 22-23 साल की लड़की खड़ी थी। लड़की ने एक फाइल दिखाते हुए कहा कि राजीव जी से मिलना है। बताया कि पापा घर पर नहीं हैं, तो लड़की ने कहा कि बुलाया था, यह फाइल देनी थी। मैंने दरवाजा खोल दिया। तभी पीछे से एक औरत व चार युवक जबरदस्ती अंदर घुस आए। इन लोगों ने चाकू निकाल लिए और मोबाइल फोन मांगे। हम लोगों ने मोबाइल फोन उनके हवाले कर दिए। लुटेरे चाकू के दम पर हम लोगों को हर कमरे में ले गए और सामान लूट लिया। फिर हमें बाथरूम में ले जाकर चुन्नी से बांध दिया। सबको गोली मारने की धमकी भी देते रहे।
लाखों की लूट: राजीव गर्ग
राजीव ने बताया कि घर से चांदी के बर्तन और ज्वेलरी गायब है। सोने के गहने भी नहीं हैं। हालांकि पत्नी घर पर नहीं है, इसलिए गहनों के बारे में ज्यादा पता नहीं है।
अकाउंटेंट के पास मौजूद 15 हजार रुपए, दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन भी ले गए हैं। अनिरुद्ध और रीना ने बताया कि लड़की और महिला लोकल लग रहे थे। पंजाबी, हिन्दी और अंग्रेजी बोल रहे थे। उनके पुरुष साथी उनके कहने पर ही हिंदी में आपस में बातें कर रहे थे।