शिमला/चंडीगढ़. पहाड़ों पर
बर्फबारी और मैदानों में दिनभर हुई बारिश के बाद से पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में आ गया। हिमाचल में मौसम की पहली बर्फबारी हुई तो पंजाब-हरियाणा समेत पूरे रीजन में मूसलाधार बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। दिनभर हुई बारिश के चलते पंजाब में जहां 3 डिग्री तक पारा गिरा है वहीं हरियाणा के कई क्षेत्रों में तापमान में 6 डिग्री गिरावट दर्ज की गई।
शिमला, नारकंडा, कुफरी, नालदेहरा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊपरी इलाकों में दिनभर बर्फ गिरी। कुफरी में आधा फुट तो रोहतांग में सबसे ज्यादा डेढ़ फुट बर्फ गिरी। उसे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। हिमाचल में मैदानी क्षेत्र ऊना शिमला से भी ठंडा रहा। वहीं जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। इस बारिश से किसानों और बागवानों के चहने खिल गए। इसे फसलों के लिए लाभदायक बताया गया है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट दिया है।
100 वाहनों में 400 से ज्यादा लोग रास्तों में फंसे
बर्फबारी के कारण प्रदेश में सैकड़ों रास्ते बंद हो गए। इस कारण 100 से ज्यादा वाहनों में 400 से ज्यादा पर्यटक व स्थानीय लोग फंस गए। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर व लाहौल स्पीति पूरे प्रदेश से कट गए हैं। शिमला से ऊपरी शिमला के लिए रोडवेज समेत कोई भी वाहन नहीं जा सका। इस कारण लोगों को पैदल ही कई किलोमीटर सफर करना पड़ा। जो लोग रास्तों में फंसे हैं उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीम रवाना की गई हैं।
उधर, उत्तराखंड में भी मौसम खराब, जेएंडके में बढ़ी ठंड
देहरादून/श्रीनगर| उत्तराखंड में चारधाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री समेत ऊंची चोटियों पर भी बर्फ की चादर बिछ गई। अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट आई है। वहीं
कश्मीर घाटी में भी बर्फबारी से जनजीववन अस्तव्यस्त हो गया। लेह समेत प्रदेश के कई इलाकों का तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे तक दर्ज किया गया। करगिल प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। वहां का तापमान -10.2 दर्ज किया गया।
आगे की स्लाइड में पढें, पंजाब में दिनभर बरसे बादल...