चंडीगढ़। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की तर्ज पर हरियाणा सरकार भी स्टिंग ऑपरेशन करवाकर भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को पकड़ेगी। इसके लिए बाकायदा पार्टी कार्यकर्ताओं को स्टिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। स्टिंग में पकड़े जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को यहां ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को साफ शब्दों में कहा गया है कि वे केवल वेतन से घर खर्च चलाने की आदत डाल लें। भाजपा सरकार प्रदेश में भय का कोई वातावरण पैदा करना नहीं चाहती, बल्कि साफ और स्वच्छ प्रशासन देना चाहती है। पिछली सरकार की दूषित व्यवस्था में परिवर्तन करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले चिकित्सकों तथा पैरा-मैडिकल स्टाफ को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को पंजाब के बराबर वेतनमान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इसके अलावा डीएलएफ-राबर्ट वाड्रा लैंड डील समेत जो भी मुद्दे उन्होंने भाजपा विधायक दल के नेता के तौर पर विधानसभा में उठाए थे, उन सभी मुद्दों पर उनकी सरकार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते तैयार की गई चार्जशीट और तमाम मुद्दे उनके लिए ‘गीता’ हैं। उन्हें किसी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।
हाउस कीपिंग से डॉक्टरों को किया जाएगा अलग
अस्पतालों में साफ-सफाई और अन्य कामों के लिए हाउस कीपिंग का काम अलग एजेंसी को दिया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि डॉक्टरों का काम केवल मरीजों की देखभाल तक ही सीमित रहेगा। उन्होंने कहा कि रोहतक के मेडिकल कॉलेज में भी कुछ गड़बडिय़ां मिली हैं। इनकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी।
एक सप्ताह में मिलेंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र
हरियाणा में अब सभी जगह लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र केवल 1 सप्ताह में मिलेंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। विज ने बताया कि अभी कई साल तक लोगों को इस छोटे से काम के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब ऐसी व्यवस्था की गई है कि जिसे भी यह प्रमाण-पत्र लेना है, उसके आवेदन को पहले रजिस्टर किया जाएगा। उसमें अगर कोई कमियां हुईं तो संबंधित व्यक्ति को एक बार में ही सारी कमियां बतानी होंगी। उसके बाद हर हाल में 1 सप्ताह में प्रमाण-पत्र जारी करना होगा।
(फोटो- चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में लॉन टेनिस कोर्ट का शॉट खेलकर उद्घाटन करते विज।)