पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्ट्रीट वेंडर एक्ट शहर में जल्द होगा लागू: मेयर

जल्द होगा लागू स्ट्रीट वेंडर एक्ट, रेहड़ी फड़ी को मिलेगा लाइसेंस

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। चंडीगढ़ मैनेजमेंट एसोसिएशन ने मेकिंग चंडीगढ़ ए स्मार्ट सिटी थीम पर पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स सेक्टर-31 में मिट ग्रिट सेशन का आयोजन किया। इस मौके पर मेयर पूनम शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थीं। सेशन में बिजनेसमैन, इंडस्ट्रियलिस्ट और एकेडमीशियंस ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मेयर पूनम शर्मा ने कहा कि शहर पहले ही स्मार्ट सिटी की राह पर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शहर में स्ट्रीट वेंडर एक्ट लागू होगा, जिसके तहत सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ी फड़ी को लाइसेंस दिए जाएंगे ताकि ये लोग बेरोक टोक रेहड़ी लगा सकें। इससे ये फायदा होगा कि इन रेहड़ी वालों का घर चल सकेगा और इनको पुलिस भी परेशान नहीं कर पाएगी। एक्ट के तहत फड़ी वालों को आईडेंटिटी कार्ड दिए जाएंगे।
एक्ट में उनके काम का समय भी तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टरशरी वाटर के इस्तेमाल से शहर के सरकारी स्कूलों के पार्कों को संवारा जाएगा। इस मौके पर सीएमए प्रेसिडेंट और आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजिज के चेयरमैन डॉ. अंशु कटारिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने के मुताबिक चंडीगढ़ शायद पहला स्मार्ट सिटी होगा क्योंकि यह एक मॉडर्न सिटी है। इसके अंदर वह सारी खूबियां मौजूद हैं जोकि एक शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए होनी चाहिए।
साइकिल-रिक्शा ट्रैक के बारे में बताएंगे
साइकिल रिक्शा ट्रैक के इस्तेमाल न होने के सवाल पर मेयर ने कहा कि जल्द ही चंडीगढ़ पुलिस के आईजी से मिलकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें लोगों को बताया जाएगा कि साइकिल रिक्शा ट्रैक का प्रयोग करने से एक तो ट्रैफिक कंट्रोल पर मदद मिलेगी और ये सवारियों के लिए सुरक्षित भी होगा।
16 से शुरू होगा स्पेशल सफाई अभियान
मेयर पूनम शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत 16 फरवरी से शहर के विभिन्न सेक्टरों में स्पेशल सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य सफाई अभियान को निरंतर एवं सुनिश्चित करवाना है।
मलोया हॉस्पिटल में मिलेंगी सभी सुविधाएं
मेयर पूनम ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हेल्थ एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करना है ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि मलोया में जल्द ही अस्पताल में सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी। ताकि लोगों को इलाज के लिए सेक्टर-16, जीएमसीएच-32 या पीजीआई की तरफ रुख न करना पड़े।