पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंयहां सभी लोग व्हाइट पहन कर आए थे। वजह पूछी तो बोले कि शांति का प्रतीक है। एकदम से बीच में बीनू ढिल्लों ने माइक थामा और 'कैरी ऑन जट्टा' के उसी कैरेक्टर की तरह बोले, 'गर्मी लगदी सी तां पाया है'। ये मौका था 24 मई को रिलीज होने जा रही पंजाबी फिल्म 'जट्स इन गोलमाल' के म्यूजिक लॉन्च का। इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-2 के होटल केएलजी स्टारलाइट में फिल्म की कास्ट से कुछ लोग पहुंचे थे। बीनू के अलावा मौजूद थे लीड रोल प्ले कर रहे आर्य बब्बर और समीक्षा सिंह।
फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर हैं जतिंदर शाह जो इससे पहले भी कई पंजाबी फिल्मों में हिट म्यूजिक दे चुके हैं। सबसे पहले माइक थामने वाले बीनू ने कहा, 'ये फिल्म मेरी पिछली फिल्मों से एक लेवल ऊपर होगी। फिल्म में मैं विलेन का रोल निभा रहा हूं जिसके दिल में छेद है। काफी मशक्कत के बाद उसे जिस आदमी का दिल मिलता है, वो फिल्म का हीरो है। मैं इस बात की गारंटी देता हूं कि पूरे परिवार के साथ बैठकर इस फिल्म को देख सकते हैं।' जिस दिन ये फिल्म रिलीज होगी उसी दिन आर्य का 28वां बर्थडे भी है।
इसी वजह से वह कुछ ज्यादा ही खुश हैं। उन्होंने कहा, 'उसी दिन मेरी हिंदी फिल्म 'जिंदगी 50-50' भी रिलीज हो रही है इसलिए ये खुशी दोगुनी है। इस फिल्म में मेरा रोल सनी नाम के पेंडू लड़के का है जो कैनेडा जाने के लालच में अपने दिल का सौदा 20 लाख रुपए में कर देता है।' बॉलीवुड में एक तरफ आर्य को सीनियर एक्टर्स के साथ काम करते हैं, वहीं पंजाबी इंडस्ट्री में काफी नए लोगों के साथ काम करने का मौका भी उन्हें मिलता है। पर वह मानते हैं कि एक्टर हमेशा एक स्टूडेंट ही रहता है।
कहते हैं, 'सब एक-दूसरे से सीखते हैं। कोई बड़ा-छोटा नहीं। हां ये जरूर है कि हिंदी और पंजाबी फिल्में एक साथ करते हुए बस फर्क पड़ता है तो मेरे बोलने के तरीके पर। एडजस्ट करने में कुछ दिन लग जाते हैं।' इस फिल्म के बाद जुलाई में आर्य की अगली फिल्म 'नॉटी जट्स' आ रही है। इन दिनों वह 'हीर एंड हीरो' और हिंदी फिल्म 'दशहरा' के लिए शूट कर रहे हैं।
बस एनआरआई स्टोरीज के रोल आते थे: समीक्षा
लीड एक्ट्रेस के तौर पर समीक्षा इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। हालांकि इससे पहले वह 'लकी दी अनलकी स्टोरी' में कैमियो कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, वह साउथ इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। तमिल और तेलुगु में वह 15 फिल्में कर चुकी हैं। इस फिल्म में वह बीनू की बहन का रोल निभा रही हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे पंजाबी इंडस्ट्री से ऑफर्स तो आते थे पर वही एनआरआई सब्जेक्ट्स की वजह से मैं करना नहीं चाहती थी। फिर समीप कंग ने मुझे 'कैरी ऑन जट्टा' दिखाई और बस मैं रह न सकी। अब पूरा ध्यान यहां देना चाहती हूं क्योंकि नए कॉन्सेप्ट के साथ एक्सपेरिमेंट हो रहे हैं।'
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.