मोहाली / नया गांव. सीएम सिक्योरिटी के दो कमांडो कुलदीप और विक्रांत को नया गांव थाना पुलिस ने गुरुवार को नाडा गांव से प्रिवेंशन ऑफ क्राइम की सीआरपीसी की धारा-107/151 के तहत गिरफ्तार किया था। ये दोनों मोहाली 4 थ्री कमांडोज बटालियन में तैनात हैं। इन दोनों कमांडोज को सस्पेंड कर दिया है और इनके खिलाफ डिपार्टमेंटल इंक्वायरी खोल दी है। इंक्वायरी में पता चलेगा कि ये अपने दो साथियों के साथ नाडा गांव में किसको पीटने के लिए गांव में गए थे और बाइक किसके हैं यह पता करना है।
दो दोस्तों के साथ किसी को पीटने गए थे
गुरुवार रात करीब 11 बजे कमांडो कुलदीप और विक्रांत अपने दो दोस्त नीरज व आशीष के साथ किसी को पीटने के लिए दो बाइक्स पर घूम रहे थे। इनके हाथों में किरच और डंडे थे। कुछ लोगों ने उनको देखा और शक हुआ कि ये किसी वारदात को अंजाम देने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। इतने में शोर पड़ गया कि चार युवक बाइक पर हाथों में डंडे और किरच लेकर घूम रहे हैं।
लोग इकट्ठा हो गए और इन्हें पकड़ने के लिए पीछे दौड़ पड़े। एक गली में चारों युवक फंस गए। लोगों ने इन्हें पकड़कर पुलिस को कॉल की। पुलिस ने चारों को लड़ाई झगड़े और अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
बाइक की अगली नंबर प्लेट मोड़ी और पीछे की छुपाई हुई थी
लोगों ने बताया कि इन चारों बाइक सवारों ने दोनों बाइक की आगे की नंबर प्लेट दोनों तरफ से मोड़ी हुई थी और पिछली नंबर प्लेट पर लिफाफे बांध कर टेप लगाई हुई थी। जब लोगो ने इनको पकड़ कर पूछताछ की तो यह कहने लगे कि गांव में किसी ड्रग्स बेचने वाले को पकड़ने आए हैं।