चंडीगढ़। सेक्टर-34 के इन्फोसिस के इंजीनियर को दो महिलाओं समेत चार लोगों ने किडनैप करने की कोशिश की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 34 के रहने वाले मिथुन के मुताबिक उनके चचेरे भाई के खिलाफ जालंधर में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज है, जिसमें उनके पिता को भी पार्टी बनाया गया है। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे चचेरे भाई की केस दर्ज करवाने वाली पत्नी, उनकी मां और दो अन्य व्यक्ति उनके घर आए। उन्होंने बेल बजाई। वे दरवाजा खोलने गए तो उन्होंने उनसे झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसके बाद बात करते करते वे उन्हें बाहर ले गए। शोर होता देख मिथुन की पत्नी भी बाहर आ गई, जिसके साथ भी आरोपियों ने बदसलूकी की।
मिथुन का आरोप है इस दौरान वे मिलकर उन्हें भी जबरन कार में डालने की कोशिश कर रहे थे। एक बार तो कार में डाल भी दिया था। इस बीच शोर हुआ, जिसे सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्होंने उन्हें कार से बाहर निकलवाया। मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। पीसीआर की जिप्सी मौके पर पहुंची और तुरंत कार का नंबर वायरलेस पर फ्लैश कर दिया गया, जिसके बाद फरार हुए लोगो को पकड़ लिया गया। वहीं देर रात तक पुलिस जांच में जुटी रही।
आए थे पिता को लेने, न मिलने पर बेटे को ले जाने लगे
दरअसल पंजाब में जो दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया गया है, उसमें मिथुन के पिता का भी नाम है। इसी के चलते आरोपी बिना पंजाब पुलिस को साथ लाए उनके पिता को पकड़ने के लिए आए थे। इस दौरान उन्हें जब वे नहीं मिले तो जबरन मिथुन को ही साथ लेकर जाने लग गए।