पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बब्बर खालसा के नाम पर दहशत फैलाने की कोशिश, लगाए पोस्टर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। फेस्टिवल सीजन के दौरान सेक्टर-17 के व्यापारियों में बब्बर खालसा के नाम पर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। एक हफ्ते पहले ही सेक्टर-17 के दो बड़े जूता व्यापारियों से बब्बर खालसा के नाम पर 31-31 लाख रुपए मांगे गए और वीरवार रात सेक्टर-17 में ही बब्बर खालसा के पोस्टर चिपका दिए गए। सेक्टर-17 में प्रिंसिपल एकाउंटेंट जनरल पंजाब एंड यूटी के दफ्तरों की दीवारों, शोरूम के पिलर, पेड़ों पर, लाइट प्वाइंट पर ट्रैफिक सिगनल और बिजली के खंभों पर कुल 38 पोस्टर चिपकाए गए थे। थाना-17 पुलिस ने पलविंदर सिंह के खिलाफ दहशत फैलाने का केस दर्ज किया है।
एकाउंटेंट जनरल दफ्तर के कर्मचारी शुक्रवार सुबह ऑफिस पहुंचे तो बब्बर खालसा के लेटर हेड पर लिखे इन पोस्टरों का पता चला। पोस्टर बब्बर खालसा के जत्थेदार पलविंदर सिंह रंधावा के नाम से जारी किया गया है।
एजी ऑफिस से लेकर ट्रैफिक लाइट पॉइंट तक 38 पोस्टर
यह लिखा था बब्बर खालसा के पोस्टरों में
21/9/2014 को सिख राज फिर शुरू हो गया है। सिख राज के दो कानून लागू करने के लिए परवाना पास हुआ है। नंबर एक- दहेज मांगने वालों को मौत की सजा और बाराती 101 से ज्यादा नहीं। सिख राज में औरतों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिसमें हिम्मत हो वह इन कानूनों के खिलाफ जाकर दिखाए। ज्यादा बारात ले जाने वाले, दहेज मांगने वालों को मार दिया जाएगा। दो चार वारदातों के बाद सब सुधर जाएंगे।

नंबर दो- रेप करने वालों को जिंदा जला दिया जाएगा। किसी को माफी नहीं मिलेगी। कानून के खिलाफ जाकर जो भी अपराध करेगा, उसके सारे परिवार को मार दिया जाएगा। यह कानून पंजाब में लागू हो गया है। पंजाब गुरुओं की धरती है और हम अब पंजाब में आ चुके हैं। इस परवाने को मजाक समझने की गलती न करना।
-हुक्मनामा जत्थेदार पलविंदर सिंह हीरा
निशाना व्यापारियों पर था
इन पोस्टरों में किसी का नाम लेकर नुकसान की धमकी नहीं दी गई है। इसके जरिये सेक्टर-17 के उन दो व्यापारियों पर निशाना साधा गया है, जिन्हें एक हफ्ते पहले ही कुरियर से बब्बर खालसा के जत्थेदार पलविंदर सिंह हीरा के नाम से धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई। दोनों व्यापारियों से 31-31 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी और पुलिस को सूचना देने पर परिवार को जानी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। फिरौती की रकम 22 और 23 सितंबर को तैयार रखने के लिए कहा गया था। लेकिन फिरौती लेने कोई नहीं पहुंचा था।
पुलिस रिकॉर्ड | मर चुका है पलविंदर
पलविंदर सिंह हीरा की तलाश में चंडीगढ़ पुलिस तभी से लगी है, जबसे सेक्टर-17 के दो व्यापारियों को धमकियां आईं। बब्बर खालसा समर्थक पलविंदर सिंह हीरा के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है कि उसकी मौत कई साल पहले हो चुकी है। पुलिस अब पलविंदर सिंह हीरा के पुराने साथियों पर नजर रखे हुए है।
पुलिस को पता नहीं कि 38 पोस्टर लगाने वाले हैं कौन, जो नाइट पेट्रोलिंग पर सवाल खड़ा करती है। सीसीटीवी से भी कुछ नहीं मिला है, क्योंकि एजी ऑफिस की एमसीबी रात को डाउन रहती है। अन्य जगह लगे दो कैमरों में एक खराब है, दूसरा काफी दूर।