चंडीगढ़. हेरोइन लेने के आरोपों में घिरे स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने सोनीपत साई सेंटर में ट्रेनिंग शुरू कर दी है।
कुछ दिन पहले विजेंदर ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) से सोनीपत में ट्रेनिंग करने की इजाजत मांगी थी जिसे साई ने मंजूर कर लिया। हालांकि बॉक्सिंग का नेशनल कोचिंग कैंप एनआईएस पटियाला में चल रहा है और बाकी सभी मुक्केबाज, चीफ कोच और स्पोर्ट स्टाफ वहीं पर मौजूद हैं।
दरअसल विजेंदर पटियाला नहीं जाना चाहते थे, क्योंकि जीरकपुर ड्रग्स स्कैंडल में वह पंजाब पुलिस के रडार पर हैं। पंजाब पुलिस ने हाल ही में उनके हेयर सैंपल लेने की अर्जी कोट में दी थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। विजेंदर का नाडा ने विवादास्पद सैंपल लिया था जिसमें वह पाक साफ निकले थे।
पहली बार हुआ है ऐसा
नेशनल कैंप एक ही जगह लगता है और सभी खिलाड़ी वहीं प्रैक्टिस करते हैं। लेकिन विजेंदर के मामले में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक खिलाड़ी के लिए अलग से किसी दूसरे सेंटर में ट्रेनिंग की इजाजत दी गई हो। विजेंदर की नेशनल कैंप में 10 मई तक की छुट्टी थी और वह बार बार छुट्टी की अर्जी दे रहे थे। उनके पास सोनीपत के अलावा और कोई ऑप्शन भी नहीं था।
विजेंदर ने सोनीपत में ट्रेनिंग शुरू कर दी है। हालांकि कैंप पटियाला में है लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए उसे सोनीपत में ट्रेनिंग की परमिशन दी गई है। यह अस्थाई तौर पर है और समय आने पर विजेंदर पटियाला भी चले जाएंगे।
- जेआईजेआई थॉमसन, डीजी साई