पंचकूला। विधानसभा चुनाव से पहले हजकां पार्टी के जिला अध्यक्ष शशि शर्मा ने समर्थकों सहित पार्टी को अलविदा कह दिया है। लेकिन शाम होते-हाेते मामला गर्मा गया। शशि शर्मा ने आरोप लगाया कि जनचेतना पार्टी के प्रधान विनोद शर्मा ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। शशि ने कहा कि विनोद शर्मा चाहते थे कि मैं उनकी पत्नी शक्ति शर्मा के लिए प्रचार करूं। इसके लिए उन्होंने मुझ पर दबाव बनाया।
जब मैंने इससे मना किया तो उन्होंने मुझसे मारपीट करनी चाही। लेकिन जब हमने पुलिस और मीडिया को बुलाने की बात कही तो विनोद शर्मा और उनके साथी मौके से खिसक लिए। शशि शर्मा ने बताया कि पुलिस को शिकायत दे दी गई है। सेक्टर-5 पुलिस स्टेशन के एसएचओ बलजीत सिंह ने कहा कि
मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है। अभी केस दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, विनोद शर्मा ने सभी आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि सबकुछ साजिश के तहत किया जा रहा है। मैंने किसी को भी नहीं धमकाया है।
पहले फीकी चाय मांगी, फिर गाली देनी शुरू कर दी
शशि शर्मा ने भास्कर को बताया कि शुक्रवार को ही विनोद शर्मा ने उसे अपने घर बुलाया और शक्ति शर्मा को जितवाने की बात कही। उस दिन तो वे टाल-मटोल कर वहां से आ गए। लेकिन जब रविवार को पार्टी छोड़ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे तो विनोद शर्मा का फोन आया। लेकिन मैंने नहीं उठाया और न बाद में करना जरूरी समझा। शशि शर्मा ने बताया कि कुछ ही घंटों के बाद 4 बजे विनोद शर्मा उनके घर आए।
यहां उन्होंने फीकी चाय मांगी। इसके बाद कहा कि कालका से उनकी पत्नी को जितवाना ही है। शशि ने बताया कि जब मैंने उन्हें कहा कि वह अब पार्टी छोड़ चुका है और वह उनकी कोई मदद नहीं कर सकता। इस पर विनोद शर्मा को एकदम गुस्सा आ गया और गालियां देनी शुरू कर दीं। शशि शर्मा ने आरोप लगाया कि विनोद शर्मा ने उस पर हाथ भी उठाया, लेकिन उसके दोस्त मिन्ना ने विनोद शर्मा का हाथ पकड़ लिया। इसके विनोद शर्मा के बाउंसर्स भी वहां आ गए। जब उसने पुलिस और मीडिया को बुलाने की बात कही तो सब खिसक लिए।
धमकाने नहीं, मैं तो समझाने गया था
सीधी बात: विनोद शर्मा, प्रधान, जनचेतना पार्टी
> शशि शर्मा ने आपके खिलाफ धमकाने की शिकायत दी है?
मैं शशि शर्मा को क्यों धमकाऊंगा, धमकी देने के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
> आपने शशि शर्मा को पार्टी छोड़ने पर धमकाया है?
शशि शर्मा मेरी पार्टी में नहीं थे, फिर भला मैं उन्हें क्यों धमकाऊंगा। दो दिन पहले वे मेरे घर आए थे और उन्होंने कालका से टिकट मांगा था। लेकिन मैंने उन्हें बता दिया था कि वहां की कैंडिडेट तो मेरी पत्नी शक्ति शर्मा हैं।
> शशि शर्मा आप पर गलत आरोप क्यों लगाएंगे।
हजकां छोड़ने की खबर सुनकर हम शशि को समझाने गए थे कि वे पार्टी न छोड़ें। इस दौरान हमने कोई धमकी नहीं दी।
> वो कह रहे हैं कि आप अपनी पत्नी को जितवाने के लिए दबाव बना रहे हैं?
वो क्रेडिट लेने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं। जानबूझकर इश्यू बनाया जा रहा है। मैंने उन पर किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं बनाया।
पिता की कसम खाकर मुकर गए चंद्रमोहन: शशि
शशि शर्मा ने कहा कि चुनाव से पहले कुलदीप बिश्नाेई और चंद्रमोहन ने उनसे कहा था कि पंचकूला से उन्हें ही टिकट दिया जाएगा। पर जब चुनाव की बारी आई तो चंद्रमोहन मुकर गए और कहा कि पंचकूला से वे चुनाव लड़ेंगे। पहले उन्होंने अपने पिता की कसम खाई थी कि पंचकूला से उन्हें चुनाव लड़ाया जाएगा। जब चंद्रमोहन ने गांवों का दौरा किया तो वहां उन्हें कई नामों से बुलाया गया और उनके कार्यक्रमों में लोग आए ही नहीं। इस पर चंद्रमोहन ने यहां से अपना पैकअप समझा।