पंचकूला. सेक्टर-5 की पुलिस कॉलोनी में दो पुलिसकर्मियों द्वारा 17 साल से पानी के अवैध कनेक्शन जोड़कर की जा रही पानी की चोरी के मामले में हुडा पुलिस विभाग से 78 हजार रुपए जुर्माना वसूलेगा। इसके लिए हुडा ने मंगलवार को डीसीपी अश्विन शेणवी को नोटिस भेज दिया। नोटिस में यह रकम एक हफ्ते में चुकाने को कहा गया है। हुडा के एसडीओ जोगिंदर सिंह बेनीवाल ने बताया कि मंगलवार को पुलिस विभाग को जुर्माने और रिकवरी की 78 हजार 680 रुपए की रकम चुकाने के लिए नोटिस भेजा गया है। अगर पुलिस विभाग ने निर्धारित समय में जुर्माने की राशि अदा न की तो यह राशि बढ़ाई भी जा सकती है। दूसरी ओर, मंगलवार को हुडा ने पुलिस कॉलोनी के मकान नंबर 45 और 49 में लगे पानी के दोनों अवैध कनेक्शन हटा दिए।
17 साल 8 महीने का जुर्माना भरेगी पुलिस: हुडा के एसडीओ जोगिंदर सिंह बेनीवाल ने बताया कि पुलिस कॉलोनी में पानी के अवैध कनेक्शन 24 अप्रैल 1996 से जोड़ रखे थे। जुर्माने की राशि उसी दिन से तय की गई है। अब पुलिस से इन 17 साल 8 महीने की जुर्माना राशि वसूली जाएगी। आरोपी पुलिसकर्मियों के हाउस नंबर 45 और 49 के प्लॉटों का साइज 8-8 मरले है और 8 मरले के प्लॉट का हर महीने 180 रुपए पानी का बिल विभाग द्वारा निर्धारित है। ऐसे में 17 साल 8 महीने का बिल कुल मिलाकर 76 हजार 680 रुपए बनता है। इसके अलावा पानी के दो अवैध कनेक्शन लगाने पर दो-दो हजार रुपए अतिरिक्त जुर्माना भरना होगा।
जब पुलिस विभाग कार्रवाई करेगा तो देखेंगे: पुलिस कॉलोनी के मकान नंबर 49 में रहने वाले रामनिवास विजिलेंस के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में हेड कांस्टेबल हैं। उन्होंने कहा कि हुडा अपनी कार्रवाई करे, जब पुलिस विभाग कार्रवाई करेगा तो देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उन पर लगे आरोप झूठे हैं।
और भी हैं अवैध कनेक्शन
पुलिस कॉलोनी के मकान नंबर 45 में रहने वाले जयकरण सरोहा सेक्टर-6 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर में एएसआई हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में चार-पांच और लोग भी अवैध रूप से कनेक्शन लगाकर पानी चुरा रहे हैं, लेकिन उनका नाम सामने नहीं आया। इसका कारण यह है कि उन लोगों ने पहले ही अवैध कनेक्शनों से जुड़ी अपनी पानी की टूटियां तोड़ डाली थीं, लेकिन फंसे सिर्फ वही हैं। अब अगर इस बारे में विभाग की कार्रवाई होगी, उसे तो असेप्ट करना ही पड़ेगा।
॥अगर विभाग के माध्यम से मेरे पास इस तरह की जानकारी भेजी जाएगी तो उचित कदम उठाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। -अजय सिंघल, पुलिस कमिश्नर
॥मेरे पास अभी हुडा का नोटिस नहीं पहुंचा है। जैसे ही नोटिस आएगा, नियमों के अनुसार कार्रवाई जरूर की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। -अश्विन शेणवी, डीसीपी