पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मनसा देवी मंदिर में रहेगी 10 सीसीटीवी, सुरक्षा होगी चाक-चौबंद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचकूला। श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हर नवरात्र मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने मंदिर परिसर में पुख्ता बंदोबस्त किया है। प्रशासन ने मंदिर परिसर की सजावट के लिए मंदिर के चारों और लाइटें लगाई हैं जिससे रात के समय मंदिर की सुंदरता देखते ही बनेगी। मंदिर की दीवारें भी पेंट कर चकाचक कर दी गई हैं। डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने बताया कि नवरात्र को लेकर प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
दस नए कैमरे रखेंगे चप्पे चप्पे पर नजर
श्री माता मनसा देवी मंदिर में नवरात्रों के दौरान प्रशासन ने पिछले नवरात्रों की अपेक्षा इस बार 10 नए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की है। इन सीसीटीवी कैमरों को लगाने का काम अंतिम चरण में है। कैमरों के लिए वायर बिछाने का काम भी जोरों पर है। इस बार मंदिर परिसर में लगे पहले से स्थाई तौर पर लगेे कैमरों के अलावा 10 नए कैमरे लगाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था अधिक चौकस रहेगी। नवरात्रों के दौरान एक कैमरा मेन एंट्री और एग्जिट पर नजर रखेंगे। तीन कैमरे न्यू बस पार्किंग में फोर व्हीलर पर नजर रखेंगे। दो कैमरे टू व्हीलर्स की पार्किंग में और दो कैमरे वीटा बूथ के साथ वाली पार्किंग में लगेंगे। इसके साथ ही इस बार दो कैमरे मुंडन घाट में भी लगाए जाएंगे जिससे माथा टेकने आए हर श्रद्धालु पर कैमरों की नजर रहेगी।

बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए टीमें तैनात
माता मनसा देवी मंदिर में बच्चों को पोलियो ड्रॉप भी पिलाने के लिए टीमें तैनात की गई हैं जो मंदिर परिसर के अलग अलग एरिया में तैनात हैं। जनरल अस्पताल में एमरजेंसी के लिए लगाए 10 से 15 बेड: प्रशासन ने नवरात्र मेले में एहतियात बरतते हुए सेक्टर 6 के जनरल अस्पताल में दस से पंद्रह बेड पहुंचा दिए गए हैं ताकि मेले में कोई अनहोनी होने पर किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा पंचकूला प्रशासन की ओर से मनसा देवी परिसर में भी एक डिस्पेंसरी का प्रबंध किया गया है, जिसमें लोगों की देखभाल के लिए 24 घंटे यहां डॉक्टर्स की टीम तैनात रहेंगी।

लगाए टेंपरेरी नलके, परिसर में होगी फॉगिंग
प्रशासन ने यहां श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई रूप से नलके भी लगाए गए है। मौसम को देखते हुए मच्छरों की रोकथाम के लिए यहां फॉगिंग भी की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई टॉयलेट्स का भी प्रबंध किया है।
नहीं होगा कोई वीआईपी
इस बार नवरात्र मेले में कोई भी वीआईपी नहीं होगा, क्योंकि 15 अक्टूबर को हरियाणा में विधानसभा के चुनाव होने हैं। यहां कोड ऑफ कंडक्ट लगा हुआ है, इसलिए इस बार कोई भी वीआईपी पास नहीं चलेगा।
खोले तीन सूचना केंद्र
मंदिर परिसर में जिला लोक संपर्क ने नवरात्र मेले में अनाउंसमेंट के लिए तीन सूचना केंद्र खोले हैं, जिनके जरिए मेले के दौरान किसी भी व्यक्ति की गुमशुदगी, मेले में कीमती सामान आदि गुम हो जाने की अनाउंसमेंट की जाएगी।