चंडीगढ़. चंडीगढ़ पुलिस के एसपी अरुण कंपानी ने सोमवार को सीटीयू की बस से शर्मिला की मौत के मामले में उन दोनों चश्मदीद युवकों के बयान दर्ज किए जिन्होंने एसएचओ श्रीप्रकाश पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
रवित और आकाश ने कहा कि शर्मिला की लाश तकरीबन डेढ़ घंटे तक सड़क पर पड़ी रही थी और पुलिस एसएचओ श्रीप्रकाश के आने का इंतजार कर रही थी। जब उन्होंने इस पर एतराज जताया तो एसएचओ श्रीप्रकाश ने उनसे मारपीट की। दोनों युवकों ने एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। शर्मिला की सेक्टर-10/11 के राउंड अबाउट के पास 7 मई को सीटीयू की बस की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
वहीं मृतक शर्मिला के पिता चंद्र शेखर, सीआरपीएफ में तैनात उनकी बहनों उर्मिला और निर्मला ने भाई सुभाष के साथ एसपी कंपानी से मुलाकात की और बयान दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि शर्मिला की लाश के साथ पुलिस ने बुरा बर्ताव किया। उन्होंने प्रशासक से मिलकर शर्मिला के दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कदम उठाने की मांग करने की बात कही।