चंडीगढ़। केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से लागू किए गए नए भूमि अधिग्रहण कानून का गुरुवार को चंडीगढ़ में यूथ कांग्रेस ने विरोध किया। इससे पहले यूथ कांग्रेस ने सीएम आवास को घेरने की चेतावनी दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें सेक्टर 9 में ही रोक दिया। पिछले कई दिनों से कांग्रेसी नेताओं ने इस मुद्दे पर लगातार कमेंट करना जारी रखा था। इसका असर यूथ कांग्रेस पर पड़ा अाैर चंडीगढ़ में जाेरदार प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।
विरोध देख सीएम खट्टर से मिलवाया
जब विरोध करने से प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो बाद में यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमित सिहाग और प्रदेश प्रभारी प्रतिभा रघुवंशी समेत तीन पदाधिकारियों को सीएम हाउस ले जाकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलवाया गया। इन युवा नेताओं ने कहा कि सीएम ने उनकी बात पूरी तरह से सुनी और कहा कि संसद के आने वाले सत्र में इस पर चर्चा हो सकती है।
इस दौरान कांग्रेस को भी अपनी बात कहने का मौका मिलेगा। यह विषय राज्य सरकार का नहीं बल्कि केंद्र सरकार का है। यूथ कांग्रेस का कार्यक्रम पहले राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी को ज्ञापन देने का भी था, लेकिन वे बाहर थे। बाद में यूथ कांग्रेस की ओर से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भिजवाया गया।