छत्तीसगढ़ से दिल्ली के लोगों को चूना लगाने वाले दो गिरफ्तार
फोन पर एटीएम और डेबिट कार्ड की डिटेल लेकर पेयूमनी के जरिए एकाउंट से निकाल लेते थे रुपए
भास्करन्यूज | नई दिल्ली
छत्तीसगढ़में बैठकर दिल्ली में लोगों की जेब खाली कर रहे दो युवकों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों ठगों की पहचान सुनील पांडे (25) और विक्की सोनी (26) के रूप में हुई है। सुनील पांडे ने छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय से बीसीए किया है। वहीं दूसरा आरोपी विक्की सोनी छत्तीसगढ़ से बीए कर रहा है। दोनों बैंक अधिकारी बनकर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाते थे। ये लोग फोन कर लोगों से डेबिट कार्ड की डिटेल हासिल करते थे। जिसके बाद ‘पेयूमनी’ जैसे वॉलेट्स के जरिए उनके अकाउंट से रकम कैश करवा लेते थे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि आरोपियों को छत्तीसगढ़ के मुंगेली इलाके से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इसी गैंग के सक्रिय ठग मोहन कुमार मंडल के बारे में पता चला है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली निवासी अक्षय गोयल की शिकायत पर 11 जनवरी को सरोजनी नगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। अपनी शिकायत में अक्षय ने बताया था कि किसी ने उन्हें कॉल कर खुद को बैंक अधिकारी बताया और उनके एटीएम कार्ड की डिटेल ली। उसके बाद उनके अकाउंट से 85 हजार रुपए निकल गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए केस क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित कर दिया गया।
क्राइम ब्रांच ने केस की छानबीन के लिए डीसीपी भीष्म सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर अतुल त्यागी, कांस्टेबल ब्रिजपाल, प्रेमपाल, राकेश की टीम गठित की गई। इस टीम ने छत्तीसगढ़ जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों बैंक अधिकारी के तौर पर देश भर में अलग-अलग लोगों को फोन मिलाते और उनके एटीएम कार्ड की डिटेल लेने की कोशिश करते, फिर उसी डिटेल के जरिए मोबाइल एप्लीकेशंस पर चलने वाले पेयूमनी और बिलडेस्क जैसे वॉलेट्स के जरिए कैश निकाल लेते।