जेएनयू प्रकरण: सांसद ने पुलिस को दी शिकायत
नई दिल्ली| जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद और कश्मीर की आजादी को लेकर लगे नारों को आपत्तिजनक मानते हुए पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद महेश गिरी ने दक्षिण जिला पुलिस को शिकायत दी है। सांसद महेश गिरि ने गुरुवार शाम दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त प्रेमनाथ से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान सांसद ने इस प्रकरण पर एफआईआर दर्ज कर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संभावना जताई जा रही है कि सांसद की शिकायत पर वसंतकुंज नार्थ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में मंगलवार रात को केवल पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए बल्कि कश्मीर की आजादी को लेकर कुछ लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की। दरअसल जेएनयू में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की तीसरी बरसी पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान कश्मीर, दलित एवं अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ विद्यार्थियों ने देश विरोधी नारेबाजी की थी।