क्राइम ब्रांच ने नाबालिग सहित दो वाहन चोरों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली| राजधानीमें वाहन चाेरी के लिए गिरोह नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहे रहे हैं। गुरुवार को पश्चिम जिला पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश कर नाबालिग सहित दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान दीनदयाल पांडेय और मोहम्मद नसीम के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल और स्कूटी सहित 23 वाहनों के इंजन और चेचिस बरामद की है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम वाहन चोरी के करीब 24 मामले के खुलासे का दावा कर रही है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि वाहन चोरी में लिप्त गिरोह गरीब परिवारों के नाबालिग बच्चों को मोटी रकम का लालच देकर वाहन चोरी के काम में लगा देते हैं। इनको वाहन चोरी और उनके कलपुर्जों को अलग करने की ट्रेनिंग कबाड़ियों के जरिए दी जाती है।
पुलिस की गिरफ्त में आए नाबालिग ने भी अपने बयान में बताया है कि उसे कबाड़ी की दुकान में वाहनों के कलपुर्जे अलग करने और चोरी की टेक्निक के बारे में पता चला। जिसके बाद वह वाहन चोरी के गोरखधंधे में लिप्त हो गया।