आईएस के तीन संदिग्ध को भेजा एनआईए की रिमांड पर
एनआईए ने सोशल साइट्स से मांगी है मदद
एनआईएने आईएस की गतिविधियों और उसको फैलाने में लगे सदस्यों के संबंध में जानकारी देने के लिए फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप जैसी सोशल साइट्स से मदद मांगी है। एनआईए ने कहा है कि कई साइट्स से इस बारे में आग्रह किया गया है। तीन आराेपियों की हिरासत बढ़ाने की अर्जी के साथ एनआईए ने कोर्ट को यह जानकारी दी है। एजेंसी ने कहा कि आरोपी और उनके साथी इंटरनेट और सोशल साइट्स की मदद से आईएस के लिए भर्ती कर रहे हैं।
नई दिल्ली | आतंकीसंगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से ताल्लुक रखने के आरोप में यूएई से डिपोर्ट किए गए तीन संदिग्धों को विशेष कोर्ट ने 10 दिन के लिए एनआईए की कस्टडी में भेज दिया है। इन तीन संदिग्धों के नाम हैं- शेख अजहर अल इस्लाम, मोहम्मद फरहान शेख और अदनान हुसैन।
तीनों संदिग्धों को एनआईए की कस्टडी की अवधि खत्म होने पर मंगलवार को जिला जज अमर नाथ के सामने बंद कमरे की कार्यवाही में पेश किया गया। सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने तीनों आरोपियों के लिए 12 दिन की कस्टडी मांगी थी। उसे लग रहा है कि इन तीनों से पूछताछ के जरिए आईएसआईएस की भारत और विदेश में बड़ी साजिश का खुलासा किया जा सकता है। एनआईए ने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वह इस्लामिक स्टेट के सक्रिय समर्थक हैं। वे इंटरनेट, टेलीफोन और संचार के अन्य साधनों के जरिए आईएस के सक्रिय सदस्यों के संपर्क में थे।