दाखिले के नाम पर करते थे ठगी, फंसे पुलिस की जाल में
विभिन्न राज्याें के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने वाले गिरोह का पुिलस ने किया भंडाफोड़
भास्करन्यूज | नई दिल्ली
पुलिसने विभिन्न राज्याें के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने के नाम पर लोगों से एक लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के सरगना को धर दबोचा है। पुलिस उपायुक्त रवीन्द्र यादव ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार ठगी के इस रैकेट में कई डॉक्टरों, इंजीनियरों और प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों की संलिप्तता का भी पता चला है। गिरोह की गतिविधियों का खुलासा तब हुआ जब इनकी ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति मोती नगर निवासी अरविंद तिवारी ने पुलिस में शिकायत की कि उसकी बेटी को आगरा मेडिकल कॉलेज में सरकारी कोटे की सीट में दाखिला दिलाने के लिए एक शख्स ने 15 लाख रुपए लिए थे लेकिन उसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस ने इस शिकायत पर तफ्तीश शुरू की तो ठगी का रैकेट चलाने वाले संदीप का पता चला। पुलिस ने फौरन जाल बिछाया अौर संदीप को धर दबोचा। संदीप से पूछताछ में पता चला कि हर शिक्षा सत्र के शुरू होने पर संदीप और उसके साथी मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों की जानकारी जुटाते थे। फिर उनसे संपर्क कर उन्हें विभिन्न कॉलेजों में ले जाते। उन कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया की देख-रेख करने वाले लोगों में गिरोह के लोग खुद को प्रबंधन का हिस्सा बता कर पहले से ही मौजूद रहते।