पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीन और कंपनियों के नूडल्स की क्वालिटी खराब निकली

तीन और कंपनियों के नूडल्स की क्वालिटी खराब निकली

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजेंसी | नई दिल्ली, बाराबंकी

मैगीके बाद अब कई दूसरी कंपनियों के नूडल्स भी खराब गुणवत्ता के पाए गए हैं। इस बार भी इनकी जांच उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा विभाग ने की है। विभाग ने पाया कि इनमें राख (ऐश) की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है।

यूपी के बाराबंकी जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बताया, ‘पिछले साल मई में एक मॉल से नॉर सूपी नूडल्स, हॉर्लिक्स फूडल्स और चिंग्स हॉट गार्लिक इन्सटैंट नूडल्स के सैंपल लिए गए थे। इन्हें जांच के लिए लखनऊ के सरकारी लैब में भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट दो हफ्ते पहले आई है। जांच में पाया गया कि टेस्टमेकर में राख की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है।’

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि राख की मात्रा एक फीसदी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। लेकिन तीनों प्रोडक्ट में यह ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर तीनों प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को हफ्ते भर पहले नोटिस भेजा गया। उनसे एक महीने में जवाब मांगा गया है।

इस बारे में पूछने पर जीएसके कंज्यूमर हेल्थकेयर के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम एफएसएसएआई की मंजूरी के आधार पर ही फूडल्स बनाते हैं। बाजार में जो भी फूडल्स उपलब्ध हैं, वे सभी इसी के अनुरूप तैयार किए गए हैं।’ नॉर नूडल्स बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रवक्ता ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश फूड सेफ्टी अथॉरिटी का यह कहना गलत है कि हमारा प्रोडक्ट ‘सब-स्टैंडर्ड’ है। हम नियामक के सामने अपनी बात रखेंगे।’ चिंग्स नूडल्स बनाने वाली कैपिटल फूड्स से संपर्क नहीं हो सका।

गौरतलब है कि पिछले साल मई में उत्तर प्रदेश के ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैगी नूडल्स में लेड (सीसा) और मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) की ज्यादा मात्रा पाई थी। जून में एफएसएसएआई ने नुकसानदायक बताते हुए मैगी की बिक्री पर रोक लगा दी। मैगी बनाने वाली कंपनी नेस्ले इसके खिलाफ बांबे हाईकोर्ट गई। कोर्ट ने नवंबर में बिक्री पर रोक हटा दी। फिलहाल मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उसने बिक्री पर रोक नहीं लगाई है।

टेस्टमेकर में राख ज्यादा

सरकार द्वारा तय सीमा 1%

चिंग्सहॉट गार्लिक नूडल्स 1.83%

हॉर्लिक्स फूडल्स 2.37%

नॉर सूपी नूडल्स 1.89%

खबरें और भी हैं...