दिसंबर बाद शुरू होगा मेट्रो का चौथा चरण
नई दिल्ली | सालके अंत तक मेट्रो फेज थर्ड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मेट्रो के चौथे चरण का काम शुरू होगा। इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली की मेट्रो नेटवर्क लंदन की मेट्रो नेटवर्क से भी बड़ा होगा। रविवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि चौथे चरण का मेट्रो कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली के सभी हिस्सों में नेटवर्क पहुंच जाएगा। दिल्ली मेट्रो के चाैथे चरण में छह नए कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इस चरण के पूरा होने से दिल्ली में मैट्रो का नेटवर्क लगभग 400 किलोमीटर का हो जाएगा। जहां मेट्रो के तीसरे चरण में राजधानी के घनी आबादी वाले इलाकों को जोड़ा जा रहा है, वहीं चौथे चरण में दिल्ली के अन्य हिस्सों को भी शामिल किया जाएगा। नया कॉरिडोर 103.93 किलोमीटर लंबा नेटवर्क होगा।
चौथे चरण के तहत रिठाला से नरेला 21.73 किलोमीटर, वेस्ट जनकपुरी से आरके आश्रम तक 28.92 किलाेमीटर, मुकुंदपुर से मौजपुर तक 12.54 किलोमीटर, इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ 12.58 किलोमीटर, एयरो सिटी से तुगलकाबाद तक 20.20 किलोमीटर और लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक 7.96 किलोमीटर का कॉरिडोर निर्मित किया जाएगा। मैट्रो के चौथे चरण में 67 नए स्टेशन शामिल होंगे। इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली मैट्रो रेल सेवा बरवाला, बवाना, वजीराबाद, महरौली और महिपालपुर तक पहुंच जाएगी।