आनंद शर्मा ने दर्ज कराई शिकायत, जांच शुरू
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैंपस में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा पर हमले के मामले में पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। आनंद शर्मा ने अपने ऊपर हुए हमले को लेकर पुलिस को शिकायत दे दी है। इसमें कुछ अज्ञात लोगों का जिक्र किया गया है। हालांकि अभी तक शर्मा पर हमला करने वाले लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और एसएफआई के नेताओं ने एवीबीपी के समर्थकों पर आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी का कहना है कि इस बाबत शिकायत मिल चुकी है। जरूरत हुई तो शर्मा का मेडिकल कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आनंद शर्मा लेफ्ट नेताओं के साथ जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित सभा को संबोधित करने गए थे। शर्मा का आरोप है कि “कुछ लोगों ने हमेें घेर लिया था। पीठ पर घूंसे मारे। थोड़ी देर बाद मुझे महसूस हुआ कि बाएं कान से खून बह रहा है। उन लोगों के पास रेजर जैसे धारदार हथियार थे। जबकि मेरे साथ सिर्फ एक गनमैन था।’