Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
समझौते से इंकार करने पर दुष्कर्म पीड़िता के चेहरे पर ब्लेड से हमला
नई दिल्ली | समझौतेसे इनकार करने पर दुष्कर्म पीड़िता के चेहरे पर आरोपी ने ब्लेड से हमला कर दिया। मामला कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल और पंचकुइयां रोड के बीच का है। पीड़िता को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया है। पहाड़गंज थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 324 के तहत हमलावर युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुरानी दिल्ली में रहने वाली एक महिला ने वसीम के खिलाफ चांदनी महल थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। आरोप है कि वसीम अपने दोस्त दानिश के जरिए पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। दानिश को पीड़ित महिला पहले से जानती थी। शुक्रवार को वसीम ने दानिश के जरिए पीड़िता को मिलने के लिए पुलिस भवन के पास बुलाया। पुलिस भवन पहुंचने पर दानिश ने पीड़िता से आरोपी के साथ कनॉट प्लेस के पास मुलाकात करवाने की बात कही। कनॉट प्लेस आउटर सर्किल से पहले पंचकुइयां रोड पर दानिश ने पीड़िता को रोक लिया। समझौता से इनकार करने पर दानिश ने पीड़िता के चेहरे पर ब्लेड से वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दानिश और वसीम मौके से फरार हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस ने पीड़ता को अस्पताल में भर्ती कराया।