महिला शिल्पियों को मिलेगा नया धरातल
महिला हाट को विकसित करने का नया प्रयास
भास्करन्यूज | नई दिल्ली
उत्तरीदिल्ली नगर निगम फिक्की के महिला संगठन ने उत्तरी दिल्ली के शहरी क्षेत्र में आसफ अली मार्ग पर स्थित महिला हाट को चलाने उसके रखरखाव संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर किया।
उत्तरी दिल्ली के महापौर रविन्द्र गुप्ता ने बताया कि फिक्की के महिला संगठन को उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा महिला हाट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका मकसद यह है कि फिक्की द्वारा विभिन्न कलाओं शिल्पों के निर्माण में पारंगत महिलाओं को सुविधा मिल सके और उनमें उद्यमिता कौशल का विस्तार हो और वे आर्थिक रूप से सक्षम हो पाएं।
महापौर ने कहा कि इस समझौते के होने से महिला शिल्पियों की कला को एक नया धरातल मिलेगा, जिससे वे उद्यमिता की ओर अधिक से अधिक प्रेरित होंगी। उन्होंने कहा कि इससे महिला हाट भी एक बड़े बाजार और सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में विकसित होगा।
महापौर ने बताया कि इस समझौते के अनुसार फिक्की द्वारा हर महीने निगम को लाइसेंस फीस के रूप में 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस समझौते के तहत हाट में आवश्यक बदलाव कर बेहतर साज-सज्जा की जाएगी ताकि हाट को ज्यादा से ज्यादा ग्राहक केंद्रित बनाया जा सके। फिक्की द्वारा महिला हाट को विकसित कर प्रचारित प्रसारित भी किया जाएगा साथ ही लामबंद तरीके से महिला शिल्पियों के शिल्पों की प्रदर्शनी लगवाकर उनके उत्पादों की बिक्री भी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि फिक्की के द्वारा इस पूरे कार्यकलाप के खर्च का भी वहन किया जाएगा और साथ ही विभिन्न राज्य के पर्वों, सांस्कृतिक गतिविधियों को भी संचालित किया जाएगा। इस समझौते से केवल महिला हाट फिर से सजीव हो उठेगा बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी यह महत्वपूर्ण कदम होगा।
महापौर ने ने बताया कि समझौते के अनुसार संगठन स्टॉल के लाइसेंस, आंतरिक प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, बिजली जल उपयोग संबंधी दायित्व भी स्वयं निभाएगा।