भास्कर न्यूज नेटवर्क|नई दिल्ली
भास्कर न्यूज नेटवर्क|नई दिल्ली
जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैम्पस में देशविरोधी नारों पर घमासान और तेज हो गया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कैम्पस में पहुंचे तो एबीवीपी ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा पर तो कुछ छात्रों ने हमला कर दिया। शर्मा ने भी किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने हमले के लिए एबीवीपी के गुंडों को जिम्मेदार ठहराया है। एसएफआई ने भी एबीवीपी पर आरोप लगाया है। आनंद शर्मा लेफ्ट नेताओं के साथ जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित सभा को संबोधित करने गए थे। शर्मा ने एक न्यूज चैनल से कहा कि \\\"कुछ लोगों ने हमेें घेर लिया था। पीठ पर घूंसे मारे। थोड़ी देर बाद मुझे महसूस हुआ कि बाएं कान से खून बह रहा है। उन लोगों के पास रेजर जैसे धारदार हथियार थे। जबकि मेरे साथ सिर्फ एक गनमैन था।\\\' इस हमले की भाजपा नेता नलिन कोहली ने निंदा की है। लेकिन यह भी कहा कि राहुल और कांग्रेस मोदी सरकार पर तो सवाल उठा रहे हैं, लेकिन राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ कुछ भी नहीं बोल रहे। अफजल गुरु और मकबूल भट्ट के समर्थन में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में कार्यक्रम करने वाले अली जावेद से पुलिस ने फिर पूछताछ की। इसके लिए उन्हें संसद मार्ग थाने बुलाया गया था। अली जावेद का कहना था कि उन्होंने एसएआर गिलानी के लिए कार्यक्रम बुक किया था। जिसमें भारत विरोधी नारे लगे। पुलिस ने गिलानी समेत कुछ लोगों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया है।