नई दिल्ली. बिजली हाफ-पानी माफ की घोषणा के एक साल बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालाें को एक बार फिर से बड़ा तोहफा दिया है। केजरीवाल सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर रविवार को एनडीएमसी के कंवेंशन सेंटर में आयोजित “एक साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्लीवालों के पानी के पुराने बिलों को पूरा तरह से माफ करने की घोषणा की है।
कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र है, लोकतंत्र में जनता मालिक होती है और हम उसके सेवक हैं, पिछले एक साल का लेखा-जोखा देना जरूरी है। मैंने अपने पास कोई विभाग नहीं रखा, ताकि हम जनता की मांगों को लेकर अपने मंत्रियों पर दबाव बना सकें। उन्होंने कहा कि वह जनता के हितों के लिए अपने मंत्रियों से झगड़ते हैं।
लोगों को मिलेगी सुविधाएं
- लोगों को और अधिक दी जाएगी सस्ती बिजली-
- बिजली कटौती पर कंपनियां भरेंगी जुर्माना-
- 10 हजार करोड़ से बदलेगा शिक्षा का कायाकल्प-
- 15 लाख में बिक रहा है मैनेजमेंट कोटा की एक सीट, लगाएंगे अंकुश
- 3000 मोहल्ला सभाएं होंगी गठित-
- प्रत्येक वार्ड में चार मोहल्ला क्लिनिक का निर्माण किया जाएगा। साल के अंत तक दिल्ली में लगभग 1000 मोहल्ला क्लिनिक खोल दिए जाएंगे।
- 31 मई तक दिल्ली के सभी राशन डिपो को बॉयोमैट्रिक सिस्टम से जोड़ दिया जाएगा।
- पांच सालों में दिल्ली को स्लम मुक्त कर दिया जाएगा। स्लमवासियों को उसी स्थान पर पक्के मकान दिए जाएंगे
20 पॉलीक्लिनिक का किया उद्घाटन
केजरीवाल सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर दिल्लीवालों को एक साथ 20 पॉलीक्लिनिक का तोहफा दिया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में पॉली क्लिनिक का उद्घाटन किया। राजधानी की प्राइमरी हेल्थ सेक्टर को मजबूत करने के लिए सरकार का यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये पॉली क्लीनिक स्थानीय अस्पतालों के साथ जोड़े गए हैं, जिससे गंभीर मरीज को स्थानीय अस्पताल में रेफर किया जा सके।
मुख्यमंत्री केजरीवाल के अलावा अन्य स्थानों पर निर्मित किए गए शेष 19 क्लीनिक का उद्घाटन संबंधित इलाकों के स्थानीय विधायकों ने की। मुख्यमंत्री के मुताबिक अगले छह महीने के अंदर इन स्वास्थ्य केंद्राें पर ईसीजी, अल्ट्रासाउंड व एक्स रे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इन्हें दिल्ली के बड़े अस्पतालों के मॉडल पर तैयार किया गया है।