नई दिल्ली। तीनों एमसीडी के महापौरों ने सोमवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर दिल्ली वित्त आयोग की सिफारिशें के तहत आप सरकार से अपने अधिकार के फंड हासिल करने में उनसे हस्तक्षेप करने की मांग की।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक विधान सभा में नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता के साथ दक्षिणी निगम के महापौर सुभाष आर्या, पूर्वी निगम के महापौर हर्षदीप मल्होत्रा और उत्तरी निगम के महापौर रविन्दर गुप्ता के प्रतिनिधिमंडल ने सिंह से अपील की कि दिल्ली सरकार के असंवैधानिक तरीकों का संज्ञान लें।
पूर्वी दिल्ली के महापौर हर्षदीप मल्होत्रा ने कहा कि सभी महापौर ने गृह मंत्री को सफाई कर्मियों की हड़ताल से उत्पन्न स्थिति से अवगत कराते हुए उनसे कहा कि तीसरे डीएफसी के तहत करीब तीन हजार करोड़ रुपए जारी करने और चौथे डीएफसी को अविलंब लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि आधे घंटे तक चली बैठक में गृह मंत्रालय के सचिवों ने हिस्सा लिया, जिन्हें सिंह ने निर्देश दिया कि दिल्ली सरकार के शीर्ष अधिकारियों से बात करें और समस्या का समाधान करें।
उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब से आप सत्ता में आई है तब से दिल्ली सरकार कई असंवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त है। इसमें नगर निगमों को संवैधानिक अधिकारों से वंचित करना और अपने कामकाज में उपराज्यपाल के अधिकार की अनदेखी करना भी शामिल है। उपाध्याय ने दावा किया कि हमने गृह मंत्री से अपील की कि सरकार के असंवैधानिक तरीके का केंद्र को संज्ञान लेना चाहिए।