नई दिल्ली। दिल्ली में 14 से 23 फरवरी के बीच आयोजित होने वाले विश्व पुस्तक मेले की सुरक्षा के मद्देनजर सीआईएसएफ को तैनात किया जाएगा। दरअसल आतंकी संगठनों की हिट लिस्ट में शामिल प्रगति मैदान की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान संभालेंगे। गृह मंत्रालय ने प्रगति मैदान में सीआईएसएफ की तैनाती को लेकर हरी झंडी दे दी है। इंडिया ट्रेड प्रमोशनल आर्गेनाइजेशन द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रगति मैदान की सुरक्षा आधिकारिक रूप से सीआईएसएफ को सौंप दी जाएगी।
इंडिया ट्रेड प्रमोशनल आर्गेनाइजेशन के महाप्रबंधक (सुरक्षा) विक्रम सहगल के मुताबिक सीईएसएफ को सुरक्षा व्यवस्था सौंपने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही सीआईएसएफ प्रगति मैदान की सुरक्षा व्यवस्था संभाल लेगी। मालूम हो कि वर्तमान में प्रगति मैदान के भीतर बड़े मेलों का आयोजन किया जा रहा है। यहां हर साल कई फेयर आयोजित किए जाते हैं।
सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार एशिया के सबसे प्रमुख आयोजन स्थलों में एक प्रगति मैदान की सुरक्षा बेहद संवेदनशील है। लिहाजा, प्रगति मैदान की सुरक्षा के लिए डिप्टी कमांडेंट के नेतृत्व में करीब सौ अधिकारियों एवं जवानों को तैनात किया जाएगा। सीआईएसएफ मुख्यालय ने प्रगति मैदान में जवानों की तैनाती के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।