पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दिल्ली पुस्तक मेला : अपने देश की संस्कृति लेकर पहुंच रहे विदेशी प्रकाशक

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली। विश्व पुस्तक मेला-2015 में करीब 30 से ज्यादा देशों के प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं। ये प्रकाशक अपने देश की किताबें ही नहीं, बल्कि संस्कृतियों की झलक लेकर पुस्तक मेले में शरीक होंगे। विश्व पुस्तक मेले में पहली बार भागीदारी करने वाला देश इंडोनेशिया अपने स्टॉल में पुस्तकों के साथ-साथ कलाकृतियों, मूर्तियों व खिलौने भी सजाएगा। यहां करीब 10 प्रकाशकों की 200 से अधिक पुस्तकों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इंडोनेशिया से आने वाले प्रकाशकों के स्टॉल में अधिकतर पुस्तकें बच्चों के लिए होंगी। इन पुस्तकों में इंडोनेशिया के खान-पान, रहन-सहन, धार्मिक मान्यताओं, लोक संस्कृति व वर्तमान समाज की झलक देखने को मिलेगी। पाकिस्तान के पांच प्रकाशकों द्वारा यहां उर्दू के अलावा अंग्रेजी व हिंदी की पुस्तकें भी प्रदर्शित की जाएंगी। यहां उर्दू भाषा की शेर-ओ-शायरी की पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी।
पुस्तकों का रूप लेंगी बॉलीवुड फिल्में
जल्द ही बॉलीवुड की कुछ फिल्मों की कहानियों को उपन्यास में तब्दील कर पाठकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल ‘लुटेरा’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’ और ‘झूठा ही सही’ नामक बॉलीवुड फिल्मों की कहानियों पर उपन्यास की रचना की जा रही है। इन उपन्यासों का प्रकाशन हरलेक्विन इंडिया द्वारा किया जाएगा।