नई दिल्ली। दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 फरवरी से आयोजित होने वाले 23वें विश्व पुस्तक मेले में इस बार भी बॉलीवुड एक्टर्स का जलवा देखने को मिलेगा। कई बॉलीवुड एक्टर और एक्ट्रेसेस साहित्य और किताबों में गहरी रुचि रखते हैं। इनमें दीप्ती नवल, इरफान खान और गीतकार गुलजार प्रमुख हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल आयोजित पुस्तक मेले में अभिनेता इरफान खान ने कहा था- ‘मुझे किताबों से मोहब्बत है। किताबें आपको बहुत-सी दुनिया दिखाती हैं। दिल्ली वालों को किताबें पढऩे की आदत डालनी चाहिए, क्योंकि जितना पढऩे की आदत होगी, उतना ही दूसरी दुनिया को जानने का अवसर मिलेगा।’
उन्होंने युवा लेखकों की सराहना करते हुए कहा था कि वे बहुत कमाल का काम कर रहे हैं । उन्हें झुंपा लाहिड़ी का लेखन काफी पसंद है। मेले में फिल्म अदाकारा दीप्ति नवल ने भी किताबें पढऩे के अपने शौक और अपने बचपन की यादों को पुस्तक प्रेमियों के साथ साझा किया था। इस दौरान दीप्ति नवल की पुस्तक ‘मैड एक्टिविटीज’ का लोकार्पण भी किया गया था।
एक लाख से अधिक पुस्तक प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद
दिल्ली में ठंड के बावजूद पुस्तक मेले में इस बार एक लाख से ज्यादा साहित्य प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि इस बार इसमें युवाओं की भागीदारी और बढ़ सकती है।